तिरंगे की शान है

  • दिनेश प्रभात 

पर्वत की चोटियों पे तिरंगे की शान है
कह दो कि मेरे देश का सैनिक महान है

बेटे ने मेरे दूध का कर्जा चुका दिया
लिख लो ये हर शहीद की माँ का बयान है

दुश्मन के पीछे हैं अगर सैनिक की टुकड़ियांँ
टुकड़ी के पीछे देश का हर नौजवान है

सच के लिए चुना है शहादत का रास्ता
पीछे हमारे इसलिए सारा जहान है

घुसपैठियों की लाश को ओढ़ा दिया कफ़न
दुनिया में कौन हमसे बड़ा कद्रदान है

घुसने के पहले देश में, सौ बार सोचना
सैनिक हमारे देश का आलाकमान है