बज्जिकांचल के गाँवों का महाकाव्य : गंडक की बेटी
- हरिनारायण सिंह ‘हरि’
आज का शिक्षित युवा वर्ग शहरोन्मुखी हो गया है। उसे नगरों-महानगरों की सारी चीजें अच्छी लगती हैं, जबकि गाँव की सारी परम्पराएँ गँवारू। गँवारू यानी पिछड़ा हुआ । इसलिए वह अपने गाँव की मिट्टी से जुड़ नहीं पाता। नयी शिक्षा ने एक ऐसा वातावरण बना दिया है कि दूर के सारे ढोल सुहावने लगने लगे हैं और गाँव के तबले-हारमुनियम जैसे उत्तम वाद्ययंत्र भी टीन के कनस्तर।
यही कारण है कि जब पचास वर्ष पूर्व दिल्ली में जा बसा तथाकथित कवि गाँव का गीत लिखता है,तो उसके गीत में प्रामाणिकता का लेश मात्र भी नहीं होता, गाँव की मिट्टी की हल्की-सी सुगंध भी नहीं होती। गाँव के बारे में लिखने के लिए गाँव में रहना हुआ होता है, गाँव की मिट्टी में रसना-बसना हुआ होता है। वहाँ के पितिया- चच्चा,भइया- दीदी, मामा-बाबा से अंतरंगता हुआ होना होता है। वहाँ के बड़-पीपर, पाकड़-जामुन, नीम-बबूल, आम-अमरूद के पेड़ों से बतिआया हुआ होना होता है। रहरी-बंगा, मकई-जनेरा, आलू-अलुआ के खेत में घूमा हुआ होना होता है। बरहम-डिहबार, राजा सल्हेस, भुइंया बाबा की पिंडी पर माथा टेका हुआ होना होता है। नद्दी-नाला,तालाब-पोखर, ढाब-गबरा के पानी में डुबकी मार-मार कर नहाना-धोना हुआ होता है। हरनी-मरनी, जनेऊ-बिआह में उपस्थित हुआ होना होता है।
यह सब करना हुआ होता है,तब उस रचनाकार की कलम से ‘गंडक की बेटी’ जैसे महाकाव्यात्मक कविता पुस्तक का सृजन संभव हो पाता है। और यह कार्य संभव कर दिखाया है, गाँव की मिट्टी में पली-बढ़ी बेटी किंतु शहरों में रहनेवाले तथाकथित बड़े रचनाकारों की कान काटनेवाली कवयित्री डाॅ अनिता सिंह ने। डाॅ अनिता सिंह फिलहाल अपनी शिक्षिका वाली नौकरी के कारण मुजफ्फरपुर जैसे शहर में तो रहती हैं,लेकिन उनका मन तो ढोली से सात किलोमीटर दूर दक्षिण वैशाली जिले की सीमा पर स्थित ढाई सौ एकड़ रकबे वाले गाँव मेंहशी में ही लगा रहता है, जो गंडक की बेटी कदाने नदी के किनारे बसा है। यही कारण है कि अनिता सिंह को यह अच्छी तरह से मालूम है कि उनके गाँव में कौन-कौन-सी जातियाँ रहती हैं , कितनी पाठशालाएँ हैं और कहाँ ठाकुर वाड़ी और कहाँ बरहम का स्थान। अनिता सिंह को यह भी मालूम है कि उसके गाँव में कथी-कथी के पेड़ हैं और कौन-कौन से अनाज उपजते हैं-
राजपूत लाला
तेली हलवाई
कुर्मी नोनिया
हरिजन भाई
इतना ही नहीं उसके गाँव में राजपूत हैं,तो वे कौन-कौन से राजपूत हैं,यह भी पता है अनिता जी को-
गाँव में एक घर
राजपूत परमार
कुछ घर सूर्यवंशी
बाकी किनवार
अनिता सिंह जी ने अपनी इस पुस्तक में अपने गाँव के दो काव्यात्मक शब्द चित्र उकेरे हैं,तो अपने गाँव के ठाकुरवाड़ी पर नौ शब्दचित्र लिखे हैं । अनिता जी के पास इनके बारे में बताने को इतनी विपुल सामग्रियाँ हैं , कि वे एक-दो कविताओं में अँट नहीं पातीं। इतना तो आज के बुजुर्गों को भी पता नहीं है-
” राजपूत : किनवार
गोत्र : कृष्णात्रेय
वेद : यजुर्वेद
कुलदेवी : बन्दी (बन्नी)
त्रिप्रवर जनेऊधारी ”
कविता में ही अपने पूर्वजों की सारी गाथाओं को उकेर दिया है,इस कवयित्री ने।
ठाकुरवाड़ी शीर्षक-शृंखला वाली नौ कविताओं में अपने गाँव का ठाकुरवाड़ी पुराण ही लिख दिया है अनिता सिंह ने। ठाकुरवाड़ी की स्थापना से लेकर उसके पुजारियों, उसमें गायी जानेवाली स्तुतियों, आरतियों और प्रायः होनेवाले भजन-कीर्त्तनों का पूरा इतिहास समोया है इन कविताओं में-
“1919 में
हमारे परबाबा
स्व. जगरूप सिंह के
आग्रह पर
सरकार ने स्थापना की
ठाकुरवाड़ी की ”
(ठाकुरवाड़ी-1 , पृष्ठ 23)
तो सरकार कौन ? भारत सरकार या बिहार सरकार नहीं, बल्कि
” अयोध्या
गोलाघाट मंदिर के शिष्य थे
श्री श्री 108 श्री
रामसेवक दास जी
× × ×
स्वयंपाकी
रामसेवक दास जी करते
पूजा आरती भोगराग
अयोध्या मंदिर की तरह
उनके आगमन और प्रस्थान पर
शिष्य लेते चरणोदक
श्रद्धा से कहते ‘सरकार’
(सरकार, पृष्ठ-49/50 )
इस पुस्तक की कविताओं (अगर इन्हें आप कविता मानने के लिए तैयार हैं , मैं तो इन्हें काव्यात्मक शब्दचित्र ही कहूँगा) को मैं काव्य विधा में लिखा हुआ संस्मरण ही कहूँगा। इन कविताओं में रचनाकार ने अपने बाबा, दादी, बड़की मामा से लेकर माँ, बाबूजी,चाचा, चाची, गाँव-घर के भैया-भाभी, दीदी-सहेली से लेकर जाँता,लोढ़ी-सिलौटी,ओखरी-मूसर से लेकर भन्साघर तक का स्मरण किया है। 6 दशक या सात दशक उम्र पूरी कर चुके बुजुर्गों को ये कविताएँ अपने बचपन के गाँव-घर से फिर से एकबार साक्षात्कार करा देती हैं-
” कतार से
दुअछिया एकछिया चुल्हि
माटी की कोठी
कोठी में धंधारी
सब माँ के कलात्मक
हाथों का कमाल
माँ बनाती
गेहूँ मकई की रोटी
मड़ुआ की बेनिया
कटहल का बड़ा
चने की साग
दलपीट्ठी
मठजाऊर
अगस्त के फूल का तरुआ
कढ़ी-बड़ी, पुआ-पूड़ी
अरुई के पत्तों की सब्जी
(भन्साघर, पृष्ठ-146)
क्या नहीं है इन कविताओं में। यह पुस्तक ‘गंडक की बेटी’ पचास-साठ पूर्व के गाँव-घरों, तीज-त्योहारों, खेती के औजारों, घर-गृहस्थी के सामानों और लोकगीतों- लोकनृत्यों का शब्दसंग्रहालय है। चूँकि इस पुस्तक की कविताओं में बज्जिकांचल के गाँव-घर,नदी-पोखर, घर-परिवार का वर्णन है, सो बज्जिकांचल के खाँटी बज्जिका शब्दों की डिक्शनरी है यह पुस्तक। कुल मिलाकर मैं यही कहूँगा कि यह बज्जिकांचल के गावों की और उसकी सभ्यता-संस्कृति की महाकाव्यात्मक गाथा है।
इसका शिल्प इतना रोचक और प्रवाहपूर्ण है कि एकबार पढ़ना शुरु करने के पश्चात इसे पूरा कर ही मन मानता है। वाह! अनिता जी, आपने तृप्त कर दिया अपने लेखन से।
………………………………………………………………………………………………………………………………
परिचय : हरिनारायण सिंह हरि की कई कविता और कहानी संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं।
