अनिल गौड़ की ग़ज़लें
1
मुझको धीरज बंधा रहा बेटा
बाप बनकर दिखा रहा बेटा
कितना ज्यादा ख़्याल करता है
मुझको क्या क्या बता रहा बेटा
बाप से भागता था मैं लेकिन
दूर से पास आ रहा बेटा
मेरी थोड़ी सी कामयाबी पर
किसक़दर मुस्कुरा रहा बेटा
आप ऐसा नहीं, करो ऐसा
ख़ुद मुझे ही बता रहा बेटा
आप मत बोझ उठाएं पापा
बोझ सर पर उठा रहा बेटा
ढो रहा खुद सलीब जीवन की
“कुछ नहीं!” यह बता रहा बेटा
मुझसे लंबा है बस ज़रा सा ही
और भी क़द बढ़ा रहा बेटा
गालियां सुन रहा हूं दुनिया की,
पर विवश, कसमसा रहा बेटा
अब ये दुनिया नहीं रही वैसी,
पाठ मुझको पढ़ा रहा बेटा
एक ज़ंजीर की कड़ी मैं हूं,
उस कड़ी को बढ़ा रहा बेटा
मैं जहां ग़लतियों पे होता हूं
रोष करके दिखा रहा बेटा
“तेरे बच्चों में ऐ मेरे बच्चे!
मैं तुझे ही खिला रहा बेटा..”
सारी दुनिया का रस यहीं पर है
हंस रहा, जगमगा रहा बेटा
कैसे वो खुश हो, सोचता हूं मैं
कुछ नया सा बना रहा है बेटा
2
कभी उजाले में आये कभी अंधेरे में,
टहल रहे हैं अभी पार्क के सवेरे में
तड़पती मछलियां मछली नहीं हैं सब्ज़ी हैं
कोई भी बुद्ध न जन्मा किसी मछेरे में
उछल रहा है कि वह आसमान छू लेगा,
तड़प है पांव पटकते हुए बछेड़े में
दिखा रहा है वह कट्टा कि मार डालेगा,
हमारे डर की ही क़ीमत है बस लुटेरे में
वो आग आग है नायक ने दबा रखी है
“चले तो आओ कभी छुप के मेरे डेरे में!”
तुम्हें पता है कि ये तुम हो और कोई नहीं,
हमें ये लगता है दुनिया है बांह घेरे में
न तुम ही तुम हो,न मैं मैं हूं,सिर्फ़ हैं भर हैं,
ये ज़िन्दगी तो बंटी ही है तेरे- मेरे में
3
लोग सब जुट गये कमाने में ,
आग फैली है यूं ज़माने में
सोचता हूं मैं थोड़ी देरतलक
वक्त लगता है मुस्कुराने में
हक़परस्ती तवाफ़ मांगती है
फिर से लाया गया मैं थाने में
पैर रक्खूं कि सिर धरूं इस पर,
तेरी देहली पे आस्ताने में
सिर्फ़ उचका हूं अपने पंजों पर,
एक बादल पकड़ के लाने में
अब घुनेंगे नहीं कभी पाइप,
पहले बंबू थे शामियाने में
तेरे कूचे की खिड़कियां देखूं
वक्त लगता है आने -जाने में
उनको अगला जनम से आशा है
मर गये लोग ख़ुद को पाने में
आदतें जानते हैं सब तेरी,
कोई रस ही नहीं बहाने में
4
निकटतम शब्द देना जानता हूं
फिसलती मीन को पहचानता हूं
बड़ा मुश्किल है ‘दिल’ कहना किसी से,
जटिल अभिव्यक्तियों भी सानता हूं
बदलता ही नहीं है प्रेम मेरा ,
मैं तुमको मानता था,मानता हूं
कहीं कुछ कम है यह महसूस करके
बराबर खुद को ही गरदानता हूं
रबर अब टूट जायेगा अचानक,
हदों के पास तक तो तानता हूं
5
रंग दिल का अगर नहीं आता,
शे’र में कुछ असर नहीं आता
जिसकी तस्वीर थी निगाहों में,
ख्वाब में वह नज़र नहीं आता
जिसके साये में बैठते थे हम,
राह में वो शज़र नहीं आता
नाम भर का ही हमसफ़र है वह
साथ में हमसफ़र नहीं आता
रंग रहा हूँ तुम्हारी फोटो को,
वह चमक वह कलर नहीं आता
दो क़दम बढ़ के रुक गया हूं मैं
आ रहा हूं मगर नहीं आता
रास आता है गांव -घर आख़िर,
क्यों कोई भी नगर नहीं आता
तेरी ज़ुल्फ़ें हैं जैसे माथे पर,
खिड़कियों पर लतर नहीं आता
जी में जो आए, बक रहा हूं मैं,
बस ग़ज़ल का हुनर नहीं आता