हिन्दी ग़ज़ल में मर्यादा पुरुषोत्तम राम
- डॉ.भावना
मर्यादा पुरुषोत्तम राम को भगवान विष्णु का सातवां अवतार माना जाता है। त्रेता युग में राजा दशरथ और माता कौशल्या के पुत्र के रूप में जन्मे श्री राम भारतीय समाज के सबसे पूज्य देवताओं में से एक हैं। उनके चरित्र में सत्य, दया, करुणा ,सदाचार और धर्म का समन्वय है, जो हर किसी के लिए प्रेरणा स्रोत है ।वे एक ऐसे महान राजा थे ,जिन्होंने न्याय और धर्म का दामन कभी नहीं छोड़ा! न्याय प्रियता, सहनशीलता, समर्पण, सदाचार करुणा, मित्रता, भाईचारा, भक्ति और प्रेम उनके जीवन के आभूषण थे। उन्होंने आम जनता को यह शिक्षा दी कि कोई भी व्यक्ति अपने सद्गुणों के बल पर देवत्व प्राप्त कर सकता है। राम का पूरा जीवन संघर्ष से भरा है ।वह एक साधारण मनुष्य की तरह हर पीड़ा को सहते हैं, पर उफ नहीं करते । एक आदर्श पुत्र, एक आदर्श भाई, एक आदर्श मित्र, एक आदर्श पति और एक आदर्श राजा के रूप में उन जैसा दूसरा कोई भारतीय इतिहास एवं आध्यात्मिक जगत में दिखाई नहीं पड़ता है। कहा गया है- राम से बड़ा है, राम का नाम। राम अपने भीतर के रामत्व की वजह से जनमानस को विस्मित करते हैं ।राम के व्यक्तित्व में एक अद्भुत चुंबकीय आकर्षण है, जो हमारे जीवन जगत के तमाम संघर्ष को आसान कर देते हैं। यही वजह है कि भगवान श्री राम भारतीय संस्कृति और धर्म के आधार स्तंभ माने जाते हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन धर्म, सत्य, कर्तव्य और मर्यादा के निर्वहन व्यतित किया। उनके पिता दशरथ ने उन्हें 14 वर्षों के लिए वनवास जाने का आदेश दिया था , तब भी उन्होंने बिना किसी प्रश्न के उनके आज्ञा का पालन किया ।वनवास के दौरान उन्हें अत्यंत कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था। लेकिन उन्होंने कभी अपना धर्य नहीं खोया। पत्नी सीता का रावण द्वारा हरण करने के उपरांत भी उन्होंने कोई भी अनुचित मार्ग को न अपनाते हुए धर्य और संंयम से काम लिया। उन्होंने रावण को वध कर यह सिद्ध किया कि अन्याय और धर्म चाहे जितना भी शक्तिशाली हो उसका पतन अवश्यसंभावी है। लंका विजय के बाद उन्हें राजा होना चाहिए था, मगर उन्होंने रावण के छोटे भाई विभीषण को राजा बना दिया। राम की दयालुता का इससे बड़ा उदाहरण क्या हो सकता है ?राम राज्य आज भी शांति, सद्भाव ,सत्य ,ईमानदारी के प्रतीक के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। राम राज्य में प्रत्येक व्यक्ति सुखी ,संपन्न और सुरक्षित था। लोग इसी राम राज्य की अपेक्षा अपने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से करते हैं।
‘राम’ साहित्य की तमाम विधाओं की तरह हिन्दी ग़ज़ल में भी काफी लोकप्रिय हैं।
समझता है तुम्हारे नाम की महिमा को पत्थर भी
तभी हे राम! मर्जी पर तुम्हारी तैर जाता है
– ओम प्रकाश यती
शायर कहते हैं कि राम नाम की महिमा इतनी अपार है कि उसे निर्जीव पत्थर भी समझ जाते हैं. राम की आज्ञा पर वह पानी में तैरने लगता है. यह चमत्कार प्रभु के नाम के तेज होता है. भक्ति की शक्ति और भक्तों के प्रति भगवान की कृपा ही है कि सांसारिक नियमों से विपरीत उनकी मर्जी से सब कुछ बदल जाता है. निर्जीव पत्थर का पानी में तैरना इसका प्रमाण है.
राम और कृष्ण सरीखों से भी होनी न टली
यूं ही बेमानी ख्यालात में उलझा न करो
- दरवेश भारती
दरवेश भारती कहते हैँ कि जो होनी है, वह होकर रहेगी. राम जैसे मर्यादा-पुरुषोत्तम और कृष्ण जैसे योगेश्वर, दोनों ही पूर्ण अवतार थे, फिर भी उन्हें अपने समय पर देह त्यागनी पड़ी. राम को वनवास, सीता-विरह और अंत में जल-समाधि स्वीकार करनी पड़ी; कृष्ण को भी गाण्डीव-भंग, द्वारका-विनाश और भिल्ली के तीर से मृत्यु मिली. जब ईश्वर के अवतार भी मृत्यु से परे नहीं रह सके, तो साधारण मनुष्य की मृत्यु कैसे टलेगी
जाने क्या बात है अहसास के आईने में
‘राम ‘उभरे सदा बनवास के आईने में
- जहीर कुरेशी
जहीर कुरैशी कहते हैं कि हृदय अहसास का आईना होता है. यह जितना भी साफ-सुथरा और संवेदनशील होगा, उसमें हम अपने दुख-तकलीफ, अलगाव या वियोग को उतनी गंभीरता से महसूस कर सकते हैं. राम जो चौदह वर्ष तक बनवास में रहे.वह सबसे बड़े वनवासी, सबसे बड़े विरही, सबसे बड़े त्यागी हैं. दुनिया का कोई दर्द ऐसा नहीं, जिसे उन्होंने पहले न जिया हो, इसलिए जब कभी मन में पीड़ा का भाव आता है, तो सहज ही राम सामने आ खड़े होते हैं .
तुम्हें वो याद है क्या सुर्ख रंगी कीट बरसाती
जिसे कहते सभी थे ‘राम की गुड़िया’ बहुत पहले
- मधुवेश
मधुवेश अपने बचपन के दिनों को याद करते हुये कहते हैँ कि जब बरसात में लाल-गुलाबी रंग का एक छोटा-सा कीड़ा पत्तों पर दिखता था, उसे हम सभी राम की गुड़िया कहते थे, जैसे वह राम का ही कोई नन्हा रूप हो. उन्हीं की लीला का कोई अंश हो. आज भी जब बरसात में वह कीट दिखता है, मन झट से बचपन में लौट जाता है और आंखें नम होकर तुम्हें पुकारती हैं.
पांव बोझिल हो गए हैं आंखें धुंधलाने लगीं
राम जाने किस तरह होगा हमारा भार कम
- मनोज एहसास
शायर कहते हैँ कि जब कोई बुजुर्ग जीवन के अंतिम पड़ाव पर होता है तो उसे सिर्फ राम याद आते है. वह खुद को उनके हवाले छोड़ देता है. वह यही कहता है कि मेरे पाप-पुण्य का बोझ, यह जीर्ण शरीर और थका हुआ मन कैसे हल्का होगा, यह राम ही जाने. वह सिर्फ राम को पुकारता है और कहता है कि जिस तरह आपने अहिल्या के पत्थर को चरण-स्पर्श से मुक्त किया था, वैसे ही इस थके प्राणी को भी कर दो
हरेक आदमी बेघर है जिंदगी के लिए
कि जैसे राम भटकते थे जानकी के लिए
ज्ञान प्रकाश विवेक
शायर कहते हैं कि हर इंसान इस जीवन में बेघर-सा भटकता है. घर है, परिवार है, फिर भी भीतर एक खालीपन रहता है, जैसे कुछ खो गया हो. यह खालीपन कोई साधारण कमी नहीं – यह जानकी के वियोग जैसा है. जिस तरह राम चौदह वर्ष तक जंगल-जंगल भटकते रहे, सिर्फ अपनी जानकी को खोजते हुए, उसी तरह हर मनुष्य भीतर से अपनी खोई हुई ‘जानकी’ को खोज रहा है. जीवन भर की सारी भाग-दौड़, सारे संघर्ष असल में उसी एक खोज के हैं.
मरा से राम का’ का अनमोल रस्ता पार करके
उसे वाल्मीकि के छंदों में तू भी देख पाता
- के पी अनमोल
शायर कहते हैँ मरा से राम का अर्थात मृत्यु से परे उस अनंत राम तत्व का अनमोल मार्ग केवल वही पार कर पाता है, जो पूर्ण समर्पण कर देता है. वह मार्ग वाल्मीकि के छंदों में खुला पड़ा है. जब हम अहंकार, शरीर और संसार को मृत-सा छोड़कर (मरा-सा होकर) राम को पुकारता है, तभी हमें सच्चा राम मिलता है. वाल्मीकि-रामायण के छंदों में यदि राम को खोजना है तो हमें एक बार पूर्ण मरा-सा होना पड़ेगा.
नहीं समझ सके हैं आज तक जो रावण को
उन्हीं के सर पर चढ़ी राम राज की चिंता
- राहुल शिवाय
शायर कहते हैँ कि जो लोग आज तक रावण को नहीं समझ पाए, उसी रावण के वंशज उनके सिर पर सवार हैं और रामराज की चिंता करते फिरते हैं. रावण घमंड, काम-वासना, अहंकार और दूसरों पर अधिकार का प्रतीक था, फिर भी हम रावण को पूजते हैं, उसी के गुण अपनाते हैं और सुबह-शाम “रामराज आएगा” का नारा लगाते हैं. रामराज का मतलब था समता, न्याय, त्याग और मर्यादा है. यदि हमें राम राज की चिंता है तो राम के सिद्धांतों को पहले अपनाना होगा.
क्यों उन्हें देते हैं फतवा राम और रहमान का
मुफलिसों के धर्म क्या, जज्बात को समझा करें
- विकास
विकास कहते हैं, गरीब, भूखे, मजबूर लोगों का कोई तय धर्म नहीं होता. उनके लिए राम भी करुणा है और रहमान भी दया. जब पेट खाली हो, बच्चे रो रहे हों, तब न राम का नाम अलग लगता है न अल्लाह का. दोनों एक ही मालिक के नाम हैं. पर कुछ लोग इन्हीं नामों को लेकर फतवे बांटते हैं, एक-दूसरे को काफिर ठहराते हैं. पहले इन मुफलिसों के जज्बात को समझने की जरूरत है. जिस दिन यह समझ आएगा, उसी दिन राम और रहमान एक हो जाएंगे.
नहीं कुछ खबर राम बनवास की है
मैं दशरथ के जैसा वचन जी रहा हूँ
- धर्मेंद्र गुप्ता साहिल
शायर कहते हैँ कि मुझे कोई खबर नहीं कि राम अब भी बनवास में हैं या लौट आए. मेरे लिए तो समय चौदह वर्ष पहले ही रुक गया. मैं दशरथ हूँ, जिसने एक वचन दे दिया और फिर जीवन भर उसी का बोझ ढोता रहा. मैंने अपना सर्वस्व लुटा दिया, राम को भेज दिया, खुद राजमहल में रहकर भी बनवासी हो गया. आज भी मैं उसी अपराधबोध में जी रहा हूँ. न राज्य का सुख है, न नींद.
केवट और अहिल्या उनकी, ख़त्म घड़ी दुःख के पाहुन की
राम साथ तो करना होगा, शापों को विश्राम
- दिनेश प्रभात
केवट था नीच समझा जाने वाला नाविक, अहिल्या थी पत्थर बनी शापित स्त्री. दोनों के जीवन में दुख का मेहमान सदियों से डेरा डाले था, लेकिन जिस घड़ी राम ने केवट के चरण धोए और अहिल्या के ऊपर अपने चरण रखे, उसी क्षण सारे शाप, सारी पीड़ा, सारा कलंक हमेशा के लिए सो गया. दुख की घड़ी खत्म हो गई. राम का साथ हो जाए तो शाप भी विश्राम कर लेते हैं, पाप भी मुक्त हो जाते हैं, इसलिए जो प्राणी कितना ही अभिशापग्रस्त, कितना ही अपराधी क्यों न हो, राम का एक स्पर्श, एक नाम काफी है.
जब हमें सिर्फ तलाश आदमी में राम की थी
अहमियत मेरे लिए फिर भला क्या धाम की थी
- अंजू केशव
अंजू केशव कहती हैंकि जब मेरा मन सिर्फ राम को खोज रहा था, तब मुझे राम किसी मंदिर, तीर्थ या धाम में नहीं, बल्कि हर इंसान के भीतर दिखते थे. मेरे लिए हर मनुष्य राम का जीता-जागता स्वरूप था. जब यही दृष्टि बन गई, तो फिर अयोध्या, काशी, मथुरा या कोई पवित्र धाम की अलग से महत्ता ही क्या रह गई? सारा संसार राममय हो गया. मंदिर जाना, पूजा करना, तीर्थ करना ये सब बाहरी रास्ते हैं, पर जब हर आदमी में राम बस जाएं तो फिर बाहर कहीं जाने की जरूरत ही नहीं.
खतरे में आ गया है यहाँ राम का वजूद
लोगों में इस तरह के हैं बदलाव आ रहे
- अनिरुद्ध सिन्हा
राम अब खतरे में हैं, मंदिरों में नहीं, लोगों के हृदय में. बाहर मंदिर बन रहे हैं, जयकारे गूंज रहे हैं, पर भीतर से राम का वजूद मिटता जा रहा है. लोग बदल गए हैं. पहले राम का नाम लेते ही आंखों में करुणा, व्यवहार में मर्यादा, मन में त्याग आ जाता था।अब राम का नाम लेते हुए भी क्रोध, लालच, हिंसा, अहंकार बढ़ता जा रहा है । राम को हथियार बना लिया गया है, सहारे को नहीं. जिस दिन राम का नाम नफरत का कारण बने, उसी दिन राम लोगों के भीतर से लुप्त हो गए।
हो कोई आम या कि ख़ास सबके वास्ते ‘पंकज’
वो पल आये कि जिसमें सारी दुनिया राम हो जाये
- डॉ पंकज कर्ण
शायर कहते हैं कि कोई साधारण जन हो या विशेष आत्मा, मेरी एक ही प्रार्थना है, वह पावन पल जल्दी आए जब सारी सृष्टि सचमुच राममय हो जाए हर इंसान में राम, हर पशु-पक्षी में राम, पेड़-पत्ते, नदी-पहाड़, हवा-सूरज, सबमें केवल राम ही राम दिखे. न द्वेष रहे, न भेद, न अपना-पराया. जिस आंख से देखो, उसी में राम झलकें; जिस कान से सुनो, उसी में “राम-राम” गूंजे. सारा जगत एक विशाल राम-मंदिर बन जाए।
कहना न होगा कि भारतीय संस्कृति, दर्शन और आचार–विचार की आधारशिला जिन आदर्शों पर टिकी है, उनमें मर्यादापुरुषोत्तम श्रीराम का स्थान अत्यंत विशिष्ट है। वे केवल एक पौराणिक पात्र नहीं, बल्कि आदर्श जीवन-मूल्यों के ध्वजवाहक, सत्य, कर्तव्य, करुणा व त्याग के प्रतिमान भी हैं। राम का चरित्र भारतीय मानस में हजारों वर्षों से न्याय, नीति, धर्म और सदाचार के प्रतीक के रूप में प्रतिष्ठित रहा है।
मैंने पूर्व में भी कहा है कि राम को “मर्यादापुरुषोत्तम” इसलिए कहा जाता है क्योंकि उन्होंने जीवन के प्रत्येक चरण में मर्यादा का पालन किया चाहे वह पुत्र धर्म हो, पति धर्म हो, मित्र धर्म, राजधर्म या प्रजाधर्म। पिता दशरथ के वचन की रक्षा के लिए उन्होंने बिना किसी दुविधा के चौदह वर्षों का वनवास स्वीकार कर लिया। यह त्याग केवल एक पुत्र का अपने पिता के प्रति कर्तव्य ही नहीं, बल्कि समाज के सामने यह संदेश भी था कि वचनबद्धता व्यक्ति की सबसे बड़ी शक्ति होती है।
वनवास के दौरान राम ने न केवल कठिनाइयों का सामना किया, बल्कि मानवता, करुणा और साहस की अद्वितीय मिसालें स्थापित कीं। सीता-हरण के उपरांत भी उन्होंने दुःख और क्रोध के बीच भी धर्म का पालन किया तथा युद्ध में भी मर्यादा का अतिक्रमण नहीं किया। रावण जैसे विद्वान और शक्तिशाली शत्रु को परास्त करने के बाद भी उन्होंने उसके गुणों का सम्मान किया। यह उनकी उच्च कोटि की उदारता और संतुलित दृष्टि को दर्शाता है।
अयोध्या लौटकर राम ने आदर्श शासन का रूप प्रस्तुत किया, जिसे रामराज्य कहा गया है ,जहाँ न्याय, समानता, समृद्धि और नैतिकता का वर्चस्व था। एक राजा के रूप में अपने व्यक्तिगत सुख से अधिक उन्होंने प्रजा के हित को प्राथमिकता दी। यही कारण है कि रामराज्य भारतीय जनमानस में सर्वोत्तम शासन-व्यवस्था का प्रतीक माना जाता है।
मर्यादापुरुषोत्तम राम का चरित्र आज भी प्रासंगिक है। आधुनिक जीवन के तनाव, अव्यवस्था और नैतिक संकटों के बीच राम हमें संयम, विवेक, धैर्य, कर्तव्यनिष्ठा और सत्यनिष्ठा का मार्ग दिखाते हैं। उनके आदर्श केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि मानवता के सार्वभौमिक मूल्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
अतः राम एक ऐतिहासिक, पौराणिक या धार्मिक व्यक्तित्व भर नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति का नैतिक ध्रुवतारा हैं। उनके जीवन का संदेश है मर्यादा ही मानव को पुरुषोत्तम बनाती है।
……………………………………………………………………………………………………………………..
संपर्क : आद्या हॉस्पिटल, सीतामढ़ी रोड, जीरोमाइल, मुजफ्फरपुर 842004
