व्हेल की पकड़ में

  • डॉ. कविता विकास

ये आशंका तो थी कि सर के घर में कुछ ठीक नहीं चल रहा है लेकिन सुर्ख़ियों से सच्ची बात का अनुमान कैसे लगाया जा सकता है। सर यानी माध्यमिक विद्यालय ,केशवपुरा के प्राचार्य सुखमणि वैद्य ,सबके लिए कुशल क्षेम मनाने वाले कक्का,डाँट में भी प्यार का जामा पहना कर बच्चों को राह पर लाने वाले दादू। कितने उपनाम थे सर के। वास्तु का परामर्श लेना हो, शुभ दिन – मुहूर्त जानना हो ,भाग्य फल या भविष्य सब कुछ बतला देते लेकिन दावा नहीं करते कि वही होगा जो उन्होंने कहा है। क़स्बे के होकर भी शहरी पहनावा रखते, हर तरह की जानकारी से स्वयं को अपडेट रखने वाले सर डायलिसिस पर हैं,ये सोचकर अफ़सोस के सिवा कोई क्या कर सकता था क्योंकि मिलने – जुलने की पाबंदी थी,बस एक निश्चित समय पर बेटा – बहू जाते और उनका जो हाल सुनाते उसी पर हम विश्वास कर लेते।

उनका बेटा सुजान यूँ तो सरकारी नौकरी में था,लेकिन बड़ा बाबू से ऊपर नहीं पहुँच पाया। एक विशेष रुतबा रखने वाले सर चाहते थे कि बेटा प्रशासनिक अधिकारी बने,लेकिन भाग्य का खेल देखिए, सुजान के लिए बारहवीं पास करना भी मुश्किल हो गया था। हुआ यूँ कि कक्का ने अपनी छवि साफ़ – सुथरा रखने के लिए अपने विद्यालय नहीं केशवपुरा के अंग्रेज़ी मीडियम वाले एक स्कूल में उसका दाख़िला करवा दिया । सातवीं – आठवीं क्लास तक तो सुजान के प्रथम आने पर पूरी कॉलोनी में मिठाई बाँटी जाती थी। कक्का गर्व से बनारसी पान की दुकान पर जमी भीड़ को कहते,  “एक दिन मेरा बेटा कलेक्टर बनेगा तब तुम सबकी क़िस्मत बदल देगा। आख़िर तुमलोग उसके चाचा हो ,टीन की शेड की जगह सीमेंट की दुकान बनवा देगा ।” हमलोग भी उनकी बातों पर बेटे की दो – चार और तारीफ़ें गिनवा देते। सुजान उनकी कमजोरी था । सुजान खेलकूद में भी तेज़ था। धीरे – धीरे कक्का को घमंड होने लगा कि उनकी तरह ही हुनरमंद बेटा एक दिन उनका नाम रोशन करेगा और देश की सर्वोच्च परीक्षा पास कर लेगा। इस विश्वास ने बच्चे को क़रीब- क़रीब स्वतंत्र छोड़ दिया। उस पर कोई बंदिश नहीं, ज़बरदस्ती नहीं। सर को लगता कि आदर्श बाप का बेटा  भी आदर्शवादी ही होता है।

दिन बीतते गये । सुजान ग्यारहवीं में पहुँच गया था। अचानक एक दिन दस बजे उसके स्कूल से फ़ोन आया,तब हमलोग अपने विद्यालय में सर के साथ मीटिंग में थे। उधर से प्रिसिपल का फ़ोन था, “ सुजान बीमार है या कहीं गया हुआ है, पंद्रह दिनों से स्कूल नहीं आया है। तिमाही परीक्षा के पहले कॉपी जाँच की अंतिम तिथि थी आज ।” सर ने कहा, “ लेकिन वह तो रोज़ दिन घर से नियत समय पर स्कूल के लिए निकलता है और छुट्टी के बाद ३ बजे घर भी आ जाता है,तो वह जाता कहाँ है?” प्रिसिपल ने कहा, पिछले पंद्रह दिनों से उसकी अनुपस्थिति देख कर ही आज फ़ोन किया गया है। आप तुरंत स्कूल आयें,वह कक्षा में नहीं है।” पहली बार हमने सर के चेहरे में हवाइयाँ उड़ती देखी थी। घबराहट में मुझे और मेरे सहकर्मी तिलक को लेकर वे बच्चे के स्कूल पहुँचे। क्लास टीचर ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से वह सुस्त सा क्लास में बैठा रहता था। काम भी पूरे नहीं करता था। पहले की तरह हर काम में रुचि लेने वाली उसकी प्रवृत्ति ग़ायब हो गयी थी। क्लास टेस्ट में उसे मैथ्स में क्रॉस भी लगे थे। हमने पैरेंट्स कॉल के लिए उसे लेटर दी थी,उसके बाद से वह विद्यालय ही नहीं आ रहा है।” हरेक टीचर ने अपनी – अपनी शिकायतें दर्ज करायीं। किसी के मुँह से उसकी तारीफ़ नहीं हो रही थी। सर को ऐसा धक्का लगा कि उन्हें चक्कर आ गया। हालत नाज़ुक देख कर उन्हें पानी वग़ैरह पिलाया गया। सभी की सहानुभूति सर के साथ थी।

स्कूल प्रबंधन ने ही सुझाया कि आज जब वह घर आएगा,तो हर दिन की तरह उसके साथ नार्मल व्यवहार करें, इस मुलाक़ात की भनक उसे नहीं लगे कि आज उसके पिताजी को स्कूल बुलाया गया था। फिर कल स्कूल के टाइम पर गुप्त तरीक़े से पता लगाया जाएगा कि आख़िर वह स्कूल के नाम पर कहाँ समय बिताता था ?

विद्यालय से निकल कर सर को सीधे उनके घर ले ज़ाया गया। उनकी सूरत देख कर उनकी पत्नी तो बिना कुछ सुने ही विलाप करने लगीं,फिर जब असलियत का पता चला तो वह भी सदमे में आ गयीं। हमारे विद्यालय से दो – तीन शिक्षक और आ गये। हम सबने मिलकर उन्हें सांत्वना दी कि हम जल्द ही सुजान की परेशानी का हल निकाल लेंगे,इसलिए वे ख़ुद को सम्भालें,परेशान न हों। इस बीच हमने उसके कमरे की तलाशी ली, उसकी माँ ने बताया कि कुछ दिनों से रात को वह वाश बेसिन में सिरिंज जैसा कोई चीज़ धोता था,लेकिन उसे लगा यह उसकी पढ़ाई से जुड़ा कोई काम होगा। आजकल बच्चे ड्राइंग आदि में भी इस तरह की चीज़ों का इस्तेमाल करते हैं। कुछ ज़रूरी बातें जैसे सुजान को डाँटने – मारने जैसी हरकत से परहेज़ करने को कहकर हम निकल आये।

सारी दुनिया को ज्ञान देने वाले सर आज कितने असहाय लग रहे थे। बच्चे पर इतना विश्वास था कि वे न तो उसकी गतिविधियों पर नज़र डालते थे और न सोच ही पाते थे कि वह ग़लत संगत में भी पड़ सकता है। ख़ैर,हमने भी अपने – अपने घर से अपने तरीक़े से उस पर नज़र रखी। सुबह वह घर से नियत समय पर निकला तो लेकिन दूर के एक वीडियो पार्लर में घुस गया। दिन भर वह वहीं कंप्यूटर के सामने बैठा रहा जब तक लंच का समय नहीं हुआ। फिर घर के लिए निकल पड़ा। तीन बजे घर में घुसने के पहले उसने क्वार्टर में बना आउटर कमरा जिसका इस्तेमाल साधारणतया घर के फ़ालतू सामान के लिए होता था , वहाँ उसने कोई पैकेट छुपायी। फिर बेल बजाकर अंदर दाखिल हुआ। दरवाज़ा ज़्यादातर कामवाली बाई ही खोलती थी। बाई से ही पता चला था कि कुछ दिनों से दोपहर का खाना उसने कम कर दिया था,कभी खाता कभी नहीं।  मुँह – हाथ धोकर उसने अपने कमरे को अंदर से बंद कर लिया। सुजान को पता नहीं था कि आज उसके पिता घर पर हैं।

एकाध घंटे के बाद उन्होंने जब उसके रूम का दरवाज़ा खटखटाया,कोई जवाब नहीं मिला। किसी तरह खिड़की से झांक कर जो देखा गया, वो हैरान कर देने वाला दृश्य था। कंप्यूटर पर गेम चल रहा था और यंत्रचालित मनुष्य की तरह सूजान को कोई आदमी किसी काम को करने के लिए बाध्य कर रहा था। उसके बाल बिखरे हुए थे , आँखों में खून से लाल – लाल डोरे जिसे देख कर आदमी सहम जाये,ऐसी सूरत हो गयी थी। सर पुनः मूर्छित हो गये थे। उन्हें वापस दो लोगों के हवाले कर के हमने फिर देखने और समझने की कोशिश की कि आख़िर सुजान कर क्या रहा है। पता चला, वह ब्लू व्हेल चैलेंज नामक भयानक कंप्यूटर गेम की गिरफ़्त में था जो सामने वाले से रिस्क वाले स्टंट करवाते हैं। आदमी उस स्टंट का शिकार इस तरह हो जाता है,जैसे वह किसी ड्रग्स या नशे का शिकार हो जाता है। इसमें उसकी जान भी जा सकती है। इस तरह के गेम साइबर अपराधी चलाते हैं जो पता लगा लेते हैं किस समय उनका शिकार अकेला है, उसकी मनोदशा क्या है और किस लालच के तहत  उसको प्रभावित किया जा सकता है। अब सुजान को बाहर निकालना ज़रूरी था ,इसलिए हमने दरवाज़ा तोड़ दिया। हमें अचानक कमरे में देखकर वह सकते में आ गया,लेकिन दिमाग़ पर साइबर अपराधी का ऐसा कमांड था कि वह हमें पहचान भी नहीं पा रहा था,बल्कि भयावह तरीक़े से चिल्ला रहा था।

हमें उसे उसी हालत में मनोचिकित्सक के पास ले जाना पड़ा। छोटी जगह में इसका इलाज नहीं था,रातोंरात बच्चे को बैंगलोर के बड़े डॉक्टर की निगरानी में लाया गया।

जाँच के बाद जो पता चला वह यह था कि इस ब्लू व्हेल गेम की लत कोई एक दिन में नहीं लगी थी। तीन – चार महीने से वह साइबर अपराधी की संगति में था। उसकी माँ ने भी बताया कि कुछ दिनों पहले जब उसने उसकी पढ़ाई संबंधी कुछ बातें पूछी थीं, तो वह अचानक से उग्र हो गया था। माँ ने सोचा परीक्षा के प्रेशर में वह ऐसा कर रहा है। उसके दोस्तों ने भी इस बारे में ज़्यादा नहीं बताया क्योंकि वह किसी से मिलना नहीं चाहता था। अगर कोई पास आना चाहता तो अपशब्द बोलकर लड़ पड़ता था। आउटर रूम में छिपाया गया पैकेट में कोई नशीला पदार्थ था जिसे वह गेम के दौरान प्रयोग करता था,साथ ही कुछ ख़ाली सीरिंजें थीं जिसमें वह  द्रव डालकर अपनी कलाई की नस में चुभोता था।

डॉ विश्वनाथन ने परिवार के साथ हमदर्दी दिखाते हुए यह केस अपने हाथ में ले लिया। सर की हालत उसी समय से जो बिगड़ी,फिर नहीं सुधरी। बंगलौर में जाँच के दौरान सुजान को पहले एकांत में रखा गया था, गेम के लिए एक निश्चित समय में वह विचलित हो जाता लेकिन दवा ,सेवा और काउंसलिंग काम आ रही थी। उसे भीड़ से जोड़ने के लिए परिवार के सदस्यों और दोस्तों से भी मिलवाया जाता था। रोग अभी बहुत गहरा नहीं हुआ था, प्रारंभिक स्टेज में था।वैसे इलाज लंबा चला, इस बीच ग्यारहवीं की परीक्षा में तो उसके पुराने रिकॉर्ड देखते हुए प्रमोट कर दिया गया लेकिन बारहवीं वह नहीं पास कर सका था। बच्चे की ज़िंदगी बच गयी वरना गेम ने उसे ड्रग्स का ग़ुलाम भी बना दिया था।

समय के मरहम का कोई जवाब नहीं। दो – तीन साल के बाद सुजान पहले की तरह स्वस्थ तो हो गया लेकिन सर की हालत बिगड़ती गई।एक तो सुजान से जुड़ी भविष्य की आशाएँ नहीं बचीं थीं, उस पर समाज में बनी उनकी प्रतिष्ठा भी दांव लग गयी थी।  सारी दुनिया के आदर्श थे वे,लेकिन अब किसी की भविष्य नहीं बताते, शुभ – अशुभ पर चर्चा नहीं और न ही कोई सलाह – मशविरा किसी को देते। एक अपराध बोझ सीने में पाल रखा था उन्होंने कि सबकी वाहवाही लूटने में अपने घर के चिराग़ को ही नहीं बचा पाये। उसके लिए जो उच्च ख़्वाब पाले थे सब ध्वस्त हो गया। लोग समझाते, “ आपका बच्चा वापस आ गया,यही क्या कम है!” लेकिन बाप का दिल समझ नहीं पाता। समय से पहले उन्होंने नौकरी छोड़ दी और अवसाद की स्थिति में रहते हुए पहले माइल्ड अटैक सहा और फिर किडनी फेल की बीमारी से जूझने लगे। बेटे ने पाँच – छह साल के बाद छोटी – मोटी नौकरी पकड़ ली।उसकी माँ के कहने पर पिता की बीमारी को देखते हुए उसने जल्दी विवाह भी कर लिया।

अभी ख़्यालों से बाहर भी मैं नहीं आया था कि सुजान की माँ का फ़ोन आ गया,जल्दी से अस्पताल पहुँचने के लिये कहा। स्कूल के कुछ पुराने शिक्षक जिन्होंने सर के साथ अच्छे दिन देखे थे, अब भी उनके साथ थे। सरकारी क्वार्टर अब नहीं था, उनका अपना मकान था अब। आई सी यू में प्रवेश करते ही डॉक्टर ने इशारे से बतला दिया कि अब कुछ ही मिनटों के वे मेहमान हैं ।पूरे शरीर में केवल नलियाँ ही दिख रही थीं। एक पश्चाताप था जिसे वे इन दिनों बतलाया करते कि बेटे पर बहुत विश्वास कर लिया जो नहीं करना चाहिए था।  हमें भी कहते थे कि अपने बच्चों पर नज़र रखो, सुरक्षा दो, उन्हें अकेला न छोड़ो।   आँख बंद होने के पहले सर ने काँपती उँगलियों से कुछ इशारे किये । मैंने पढ़ा, अंक २३ की मुद्रा में उनकी उँगलियाँ घूमी थीं । फिर आँखें सदा के लिए बंद हो गयीं। उनकी पत्नी को ख़्याल आया आज तेईस दिसंबर है ,सुजान का जन्मदिन। अस्पताल के चक्कर ने सब कुछ भूलने को मजबूर कर दिया था। सुजान को स्वयं अपना ही जन्मदिन याद नहीं रहा था। कैसा होता है पिता का प्रेम जो पुरुष होने की रिवाज़त के आगे रो भी नहीं पाता है । शायद ही कोई महसूस करेगा कि एक संतुलित दिमाग़ वाले फ़ौलाद सुखमणि वैद्य जी का पुत्र-प्रेम पुत्र को तो मौत के मुँह से खींच लेगा लेकिन उन्हें इस तरह खोखला कर देगा कि वो अपनी जान से हाथ धो बैठेंगे। व्हेल की पकड़ से निकलना आसान नहीं था। ये अलग बात है जिसे निगलने की तैयारी थी,वह तो छूट गया ,कोई और उसका निवाला बन गया।

…………………………………………………………………………………………………………….

परिचय : डॉ. कविता विकास

डॉ. कविता विकास लेखिका और शिक्षाविद् हैं। इनकी दो कविता-संग्रह, दो निबंध-संग्रह, दो ग़ज़ल-संग्रह और एक कहानी संग्रह प्रकाशित हैं। साहित्यिक उपलब्धियों के लिये इन्हें कई सम्मान मिल चुके हैं।

संपर्क – फ़्लैट नम्बर -टी/1801, सेक्टर – 121, होम्स – 121,नॉएडा, पिन-201301, उत्तर प्रदेश

ई मेल –kavitavikas28@gmail.com

मोबाइल – 9431320288