समकालीन हिन्दी ग़ज़ल में जन-मुक्ति की चेतना
– डॉ.अविनाश भारती
हिन्दी ग़ज़ल का विकास एक सांस्कृतिक संक्रमण की कथा है। अरबी-फारसी परंपरा में जन्मी यह विधा जब उर्दू में विकसित हुई, तब उसने भाव और शिल्प की परिपक्वता प्राप्त की। किंतु जब यह हिन्दी में आई, तो उसने केवल भाषा का वस्त्र नहीं बदला, बल्कि अपनी आत्मा तक को नए सामाजिक संदर्भों में ढाल लिया। हिन्दी ने ग़ज़ल को अपने लोकजीवन, अपने संघर्ष और अपनी संवेदनाओं से जोड़ते हुए उसे एक नया कलेवर प्रदान किया; एक ऐसा कलेवर, जो अधिक जनोन्मुख, अधिक यथार्थपरक और अधिक प्रतिरोधी है।
परंपरागत ग़ज़ल की पहचान नाज़ुक भावों, प्रेमालाप, विरह और सौंदर्य के सूक्ष्म चित्रण से जुड़ी रही है। यह विधा लंबे समय तक एक तरह की भावुकता और निजी अनुभवों की वाहक बनी रही। लेकिन समय के साथ जब समाज में बदलाव आया, जब राजनीति, अर्थव्यवस्था और सामाजिक संरचनाओं में असंतुलन गहराने लगा, तब साहित्य की अन्य विधाओं की तरह ग़ज़ल भी इस परिवर्तन से अछूती नहीं रह सकी। विशेषतः दुष्यंत कुमार ने हिन्दी ग़ज़ल को एक नया मोड़ दिया। उन्होंने इसे आम आदमी की पीड़ा, उसकी कुंठा और उसके संघर्ष से जोड़ दिया। कालांतर में जनकवि अदम गोंडवी ने इस परंपरा को और अधिक जनपक्षधर बनाया।
आज का समय उसी परंपरा का विस्तार है। समकालीन हिन्दी ग़ज़ल अब केवल सौंदर्य की साधना नहीं, बल्कि समाज की आलोचना और परिवर्तन का औजार बन चुकी है। यह सत्ता की गलत नीतियों पर प्रश्न उठाती है, समाज की बुराइयों को उजागर करती है और आम आदमी के साथ हो रहे अन्याय के विरुद्ध आवाज़ उठाती है। यह स्त्री के शोषण, किसान की पीड़ा, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, जातीय विभाजन और राजनीतिक पाखंड आदि जैसे समसामयिक विषयों को अपने केंद्र में रखती है।
इसी के साथ, आधुनिक संप्रेषण माध्यमों ने भी हिन्दी ग़ज़ल को एक नया आयाम दिया है। मंचों और पत्रिकाओं तक सीमित रहने वाली यह विधा अब डिजिटल दुनिया में भी अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज करा रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से ग़ज़ल सीधे पाठकों तक पहुँच रही है, जहाँ वह केवल साहित्यिक पाठ नहीं रहती, बल्कि बहस, प्रतिरोध और संवाद का हिस्सा बन जाती है। इस विस्तार ने ग़ज़ल को अधिक जीवंत, अधिक गतिशील और अधिक प्रभावकारी बना दिया है।
इस पूरे परिदृश्य में महिला ग़ज़लकारों और युवा रचनाकारों की बढ़ती भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय है। जहाँ पहले इस क्षेत्र में महिलाओं की उपस्थिति सीमित थी, वहीं अब वे अपनी स्वतंत्र संवेदना और वैचारिक स्पष्टता के साथ सशक्त हस्तक्षेप कर रही हैं, जिससे ग़ज़ल को नए अनुभव और नई दृष्टि मिल रही है। साथ ही, इस मशीनी और मोबाइल-प्रधान युग में, जहाँ युवाओं के भटकाव की चर्चा अक्सर की जाती है, वहीं उनका हिन्दी ग़ज़ल के प्रति आकर्षण और उनकी प्रतिबद्ध सक्रियता एक अत्यंत सकारात्मक संकेत के रूप में उभरती है। वे समय की विसंगतियों को समझते हुए, पूरे मनोयोग से ग़ज़ल लेखन में संलग्न हैं और अपनी पीढ़ी की बेचैनी, आक्रोश और आकांक्षाओं को स्वर दे रहे हैं। यह स्थिति न केवल हिन्दी ग़ज़ल के वर्तमान को समृद्ध करती है, बल्कि उसके भविष्य को भी एक सशक्त और आश्वस्त आधार प्रदान करती है।
समकालीन हिन्दी ग़ज़ल में अब महिला और युवा ग़ज़लकार केवल सृजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आलोचना के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वे ग़ज़ल के मर्म, उसकी संरचना और बदलती प्रवृत्तियों को समझते हुए पारंपरिक आलोचना से अलग एक नई दृष्टि विकसित कर रहे हैं, जिसमें शिल्प के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी महत्व दिया जा रहा है। यह बदलाव हिन्दी ग़ज़ल के गंभीर और संतुलित विकास का संकेत है।
कहीं-न-कहीं नई पीढ़ी की सक्रियता ने हिन्दी ग़ज़ल के प्रतिरोधी स्वर को और अधिक धारदार बनाया है। युवा ग़ज़लकार जिस तीव्रता और स्पष्टता के साथ समय के सवालों से टकरा रहे हैं, उसने ग़ज़ल को एक नई ऊर्जा दी है। इसमें कोई संदेह नहीं कि उनकी भागीदारी ने इस विधा को और अधिक मुखर, सजग और संघर्षशील बनाया है।
मुझे लगता है कि यह भी स्पष्ट करना आवश्यक है कि प्रस्तुत शोध आलेख में समकालीन हिन्दी ग़ज़ल के व्यापक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रवृत्तियों से जुड़े कुछ चयनित ग़ज़लकारों और उनके शेरों का अध्ययन किया गया है। इसमें वरिष्ठ, समकालीन, युवा तथा महिला ग़ज़लकारों की रचनात्मक उपस्थिति को सम्मिलित करने का प्रयास किया गया है, ताकि विषय की बहुआयामी प्रकृति को समझा जा सके। यद्यपि हिन्दी ग़ज़ल का समकालीन संसार अत्यंत विस्तृत है और अनेक ऐसे महत्वपूर्ण ग़ज़लकार हैं जिनका उल्लेख यहाँ संभव नहीं हो सका है, तथापि यह चयन किसी प्रतिनिधित्व के दावे से अधिक विषय-सापेक्ष और प्रवृत्तिगत विश्लेषण पर आधारित है। अतः यह अध्ययन समग्र सूची प्रस्तुत करने के बजाय उस वैचारिक धारा को रेखांकित करता है जो हिन्दी ग़ज़ल को जन-सरोकार, प्रतिरोध और सामाजिक चेतना से जोड़ती है।
इस संदर्भ में स्मृति-शेष ग़ज़लकार कुमार नयन का उल्लेख अत्यंत आदर के साथ किया जाना चाहिए। वे आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी ग़ज़लें संघर्ष की मशाल की तरह, हिम्मत की तरह, प्रतिरोध की आवाज़ की तरह आज भी हमारे समक्ष जीवित हैं। जब भी कहीं अधिकारों की लड़ाई होती है, जब भी किसी मंच पर अन्याय के खिलाफ स्वर उठता है, उनके शेर उद्धृत होते हैं, ठीक वैसे ही जैसे कभी दुष्यंत कुमार और अदम गोंडवी के शेर हुआ करते थे। इस संदर्भ में उनका यह शेर अत्यंत प्रासंगिक है-
हक़ नहीं देंगे वो, हम लेकर रहेंगे,
अपनी-अपनी ज़िद पे हम दोनों अड़े हैं।
यहाँ कुमार नयन एक ऐसे समय की तस्वीर सामने रखते हैं, जहाँ सत्ता और जनता आमने-सामने खड़ी है। ‘वो’ केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक समूची व्यवस्था का प्रतीक है, जो अधिकारों को रोके हुए है। वहीं ‘हम’ वह जनसमूह है, जो अब चुप नहीं बैठना चाहता। यह शेर बताता है कि अब अधिकार माँगने की वस्तु नहीं रहे। अब उन्हें संघर्ष के माध्यम से हासिल करना होगा। यह ज़िद दरअसल आत्मसम्मान की ज़िद है, जो किसी भी परिवर्तन की पहली शर्त होती है।
कुमार नयन का ही एक और शेर इस प्रतिरोधी चेतना को और अधिक तीव्रता से व्यक्त करता है। शेर देखें-
टूट कर गिरने लगे आवाज़ से ही,
पत्थरों से भी जो सुनते थे कड़े हैं।
यह शेर जनचेतना की उस ताक़त को सामने लाता है, जो लंबे समय तक अडिग और निर्दयी बनी हुई व्यवस्था को भी हिला देने की क्षमता रखती है। जब आम लोगों की सामूहिक आवाज़ संगठित होकर उठती है, तो वह सबसे सख्त और जड़ सत्ता-संरचनाओं को भी अस्थिर कर देती है। यहाँ प्रतिरोध केवल भाव नहीं, बल्कि सक्रिय हस्तक्षेप है। एक ऐसी ऊर्जा, जो अन्याय के विरुद्ध खड़ी होकर बदलाव की अनिवार्यता को स्थापित करती है।
इसी क्रम में उनका आत्मालोचनात्मक स्वर भी ध्यान देने योग्य है-
तूने तो फ़क़त अपना ही सोचा ‘नयन’,
औरों के भी जज़्बात पे कुछ ग़ौर कर।
यहाँ कुमार नयन मनुष्य को उसकी सामाजिक जिम्मेदारी का बोध कराते हैं। समकालीन समाज में बढ़ती स्वार्थपरता के विरुद्ध यह एक महत्वपूर्ण हस्तक्षेप है।
वर्तमान समय के वरिष्ठ ग़ज़लकार एवं आलोचक अनिरुद्ध सिन्हा की ग़ज़लें प्रतिरोध की उसी सुदीर्घ परंपरा को आगे बढ़ाती हैं, जिसकी जड़ें दुष्यंत-परवर्ती हिन्दी ग़ज़ल में स्पष्ट रूप से दिखाई देती हैं। उनके शेरों में एक ओर जहाँ सामाजिक-राजनीतिक संघर्ष की तीखी आहट सुनाई देती है, वहीं दूसरी ओर उसी संघर्ष के बीच आशा और उम्मीद की एक अनवरत लौ भी जलती दिखाई देती है। उनका यह शेर इसी द्वंद्वात्मक चेतना को सघनता से अभिव्यक्त करता है-
उधर से आ रही है तेज़ आँधी,
इधर दीपक जलाया जा रहा है।
अगर आसान शब्दों में कहें तो अनिरुद्ध सिन्हा का उक्त शेर यहाँ यह स्थापित करते हैं कि प्रतिकूल परिस्थितियाँ चाहे जितनी भी प्रबल क्यों न हों, मनुष्य का संघर्ष और उसका विश्वास उन्हें चुनौती देता रहता है। आँधी और दीपक का यह विरोधाभास दरअसल आशा और निराशा के बीच के संघर्ष का प्रतीक है।
अनिरुद्ध सिन्हा केवल ग़ज़लकार ही नहीं, बल्कि एक गंभीर ग़ज़ल-आलोचक और संपादक के रूप में भी स्थापित हैं। उन्होंने ग़ज़ल केंद्रित अनेक पुस्तकों तथा पत्र-पत्रिकाओं का संपादन कर हिन्दी ग़ज़ल के अध्ययन और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी आलोचना दृष्टि में गहराई और संतुलन दोनों मौजूद हैं, जो उन्हें समकालीन ग़ज़ल-चिन्तन में एक विशिष्ट स्थान प्रदान करता है। उनकी ग़ज़लों में जीवनानुभव की सघनता, आम आदमी की पीड़ा, और सामाजिक यथार्थ की मार्मिक अभिव्यक्ति स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। साथ ही, ग़ज़ल को निरंतर परिष्कृत और समृद्ध करने की उनकी प्रतिबद्धता उन्हें भीड़ से अलग एक सजग और जिम्मेदार रचनाकार के रूप में स्थापित करती है।
समकालीन हिन्दी ग़ज़ल में आम आदमी की शक्ति और संभावनाओं को भी गहराई से रेखांकित किया गया है। इस बाबत ग़ज़ाला तबस्सुम कहती हैं-
जुगनू की हैसियत को न कम आँकिये जनाब,
उड़ता फिरै है खुद में इक अख़्तर लिए हुए।
यहाँ जुगनू का तात्पर आम आदमी, विशेषकर उस शोषित और उपेक्षित वर्ग से लिया जा सकता है जिसे समाज अक्सर कमजोर समझकर नजरअंदाज कर देता है। शेर यह संकेत करता है कि ऐसे लोगों के भीतर भी आत्मसम्मान, चेतना और प्रतिरोध की एक आंतरिक रोशनी होती है, जो अवसर मिलने पर अन्याय के खिलाफ उभर सकती है। यानी दिखने में छोटा या दबा हुआ व्यक्ति भी बदलाव की ताक़त अपने भीतर संजोए रहता है।
संघर्ष की निरंतरता और आंतरिक ऊर्जा की आवश्यकता को डॉ. सोनरूपा विशाल सहज और प्रभावी ढंग से व्यक्त करती हैं। मंच पर उनकी सुरीली आवाज़ उन्हें श्रोताओं में प्रिय बनाती है, वहीं साहित्य में उनकी जनचेतना से जुड़ी प्रतिरोधी ग़ज़लें उन्हें गंभीर पाठकों के बीच भी विशिष्ट पहचान दिलाती हैं। अशआर देखें-
भीतर इक चिंगारी रख,
ज़िन्दा रहना जारी रख।
और आगे वे कहती हैं-
आवाज़ें ही रस्ता हैं,
ख़ामोशी मत तारी रख।
ये दोनों शेर मिलकर जीवन और संघर्ष का स्पष्ट संदेश देते हैं कि व्यक्ति के भीतर जागरूकता और ऊर्जा बनी रहनी चाहिए, तभी वह कठिन परिस्थितियों में टिक सकता है। साथ ही, अन्याय या गलत हालात के सामने चुप रहने के बजाय अपनी बात कहना और सक्रिय रहना ज़रूरी है, क्योंकि परिवर्तन का रास्ता साहस और अभिव्यक्ति से ही निकलता है।
जनवादी चेतना के वरिष्ठ ग़ज़लकार देवेन्द्र आर्य अपनी रचनाओं में आम लोगों के जीवनानुभव को केंद्र में रखते हैं। वे जनता के बीच रहने वाले, उनके सुख-दुःख को अपनी आवाज़ देने वाले रचनाकार हैं, जो हक़ और बराबरी की बात को पूरे प्रखर स्वर में रखते हैं। यहाँ वे उस विडंबना को उजागर करते हैं, जहाँ साथ रहते हुए भी मनुष्य के बीच जाति, वर्ग और सामाजिक भेदभाव की दीवारों के कारण वास्तविक दूरी बनी रहती है। उनकी अभिव्यक्ति यह स्पष्ट करती है कि यह दूरी केवल भौतिक नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक स्तर पर गहराई से जमी हुई है, जिसे खत्म करना ही सच्चे परिवर्तन की दिशा है। शेर ध्यातव्य है-
साथ सदियों से रहते आए मगर,
अब भी सदियों की दूरियाँ हैं सा’ब।
युवा जनवादी ग़ज़लकार ज्ञान प्रकाश पाण्डेय समाज की वास्तविकताओं को नज़दीक से देखने और उन पर तीखी प्रतिक्रिया देने के लिए जाने जाते हैं। उनकी रचनाओं में पीड़ा की वह स्थिति सामने आती है, जहाँ अन्याय साफ़ दिखाई देता है, लेकिन पीड़ित की अभिव्यक्ति दबा दी जाती है। यहाँ वे उस मौन को उजागर करते हैं, जो मजबूरी और दमन से पैदा होता है, और संकेत देते हैं कि जब तक यह दबा हुआ दर्द बोल नहीं पाता, तब तक सच्चे परिवर्तन की राह अधूरी रहती है। इस सन्दर्भ में उनका यह उल्लेखनीय शेर देखा जा सकता है-
खंज़रों ने तो कह दिया सबकुछ,
ज़ख्म अपना बयान कब देगा।
इसी मिज़ाज के युवा शायर दिवाकर पाण्डेय ‘चित्रगुप्त’ अपनी तीखी दृष्टि से सत्ता के छल और झूठे आश्वासनों पर करारा प्रहार करते हैं। उनकी अभिव्यक्ति यह उजागर करती है कि ऊपर से भले ही सब कुछ भव्य और आदर्श दिखाई दे, लेकिन भीतर की सोच और नीयत गिरावट से भरी हुई है। वे इस भ्रम को तोड़ते हैं कि जो वादे किए जाते हैं, वे सच होंगे; दरअसल, जनता को बार-बार मृग-मरीचिका में उलझाकर ठगा जाता है। इस तरह उनका कथ्य राजनीतिक पाखंड को बेनकाब करते हुए जनचेतना को जाग्रत करने का काम करता है। शेर देखें-
और तो सब उच्च है बस मानसिकता नीच है,
स्वर्ण मृग के वायदे थे मिल रहा मारीच है।
वरिष्ठ ग़ज़लकार डी. एम. मिश्र अपनी गहरी प्रतिबद्धता और निरंतर साधना के कारण हिन्दी ग़ज़ल में विशेष पहचान रखते हैं। वे पूरे मनोयोग से इस विधा की सेवा करते हुए उसके सामाजिक दायित्व को भी स्पष्ट रूप से सामने रखते हैं। यहाँ उनका कथन यह संकेत देता है कि रचना का वास्तविक मूल्य तभी है, जब उसमें मानवीय संवेदना और इंसानियत की चिंता शामिल हो; अन्यथा वह समाज में किसी सार्थक परिवर्तन की क्षमता नहीं रखती। इस दृष्टि से वे ग़ज़ल को केवल कलात्मक अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का जिम्मेदार माध्यम मानते हैं। शेर गौर करें-
जिसमें इंसानियत की बात न हो,
ग़ज़लें ऐसा समाज बदलेंगी।
हिन्दी ग़ज़ल में बी. आर. विप्लवी ऐसे ख़्यातिलब्ध ग़ज़लकार हैं, जिन्होंने अपने निजी जीवन के संघर्षों को आम जनमानस की पीड़ा और संघर्ष से गहराई से जोड़ा है। यही कारण है कि उनकी ग़ज़लें केवल अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि प्रेरणा का स्रोत बन जाती हैं और नए रचनाकारों को भी प्रतिबद्धता का मार्ग दिखाती हैं। यहाँ वे यह स्थापित करते हैं कि जिन्हें अक्सर कमजोर समझा जाता है, वे भी अन्याय के खिलाफ खड़े होने का साहस रखते हैं; टकराव कठिन जरूर है, लेकिन यही साहस परिवर्तन की दिशा तय करता है। शेर ध्यातव्य है-
करते हैं ऐलान जंग का,
पत्थर से टकराते शीशे।
पटना के ग़ज़लकार समीर परिमल मंच और साहित्य दोनों ही क्षेत्रों में अपनी सक्रिय उपस्थिति और सशक्त अभिव्यक्ति के लिए जाने जाते हैं, और उनकी रचनात्मक पहचान निरंतर गहरी होती जा रही है। वे अपने शब्दों के माध्यम से राष्ट्र की पीड़ा और बेचैनी को तीव्रता के साथ सामने लाते हैं। यहाँ उनकी अभिव्यक्ति यह संकेत देती है कि बलिदान और संघर्ष की परंपरा आज भी जीवित है, और देश की वर्तमान स्थिति स्वयं एक पुकार बनकर सामने आ रही है। यह स्वर केवल संवेदना नहीं, बल्कि भीतर तक झकझोर देने वाला आह्वान है, जो समाज को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करता है।
किसी की सरफ़रोशी चीख़ती है,
वतन की आज मिट्टी चीख़ती है।
हिन्दी ग़ज़ल के पुरोधा रचनाकारों में अग्रगण्य कमलेश भट्ट ‘कमल’ अपनी सृजनात्मकता और आलोचनात्मक दृष्टि के कारण विशेष रूप से स्मरण किए जाते हैं। उन्होंने न केवल ग़ज़ल को नया तेवर और दृष्टि दी, बल्कि अपनी आलोचना के माध्यम से उसकी समझ को भी समृद्ध किया है; उनके कई ग़ज़ल-संग्रह और आलोचनात्मक ग्रंथ इस प्रतिबद्धता के साक्ष्य हैं। उनकी अभिव्यक्ति जीवन को एक निरंतर संघर्ष के रूप में प्रस्तुत करती है, जहाँ ठहराव या थकान के लिए कोई स्थान नहीं है। यहाँ वे यह स्थापित करते हैं कि अस्तित्व को बचाए रखने के लिए लगातार जूझना ही एकमात्र विकल्प है, यानी जीवन स्वयं एक ऐसी स्थिति है, जिसमें हर क्षण सजगता और संघर्ष आवश्यक है। शेर देखें-
अगर थक जाऊँ तो यह ज़िन्दगी ख़तरे में पड़ती है,
यहाँ हर पल मुझे लड़ना है, मैं ऐसे समर में हूँ।
कुछ रचनाकार ऐसे होते हैं जो किसी विधा को केवल लिखते नहीं, बल्कि उसे जीते हैं; डॉ. भावना उन्हीं में से एक हैं। वे ग़ज़ल को अपने जीवन का हिस्सा मानते हुए उसकी निरंतर बेहतरी के लिए सक्रिय रहती हैं। ‘आँच’ जैसी प्रतिष्ठित वेब पत्रिका के संपादन से लेकर ग़ज़ल-लेखन और आलोचना, सब में में उनकी सशक्त उपस्थिति उनके समर्पण और जिजीविषा को स्पष्ट करती है। यहाँ उनकी अभिव्यक्ति उस सूक्ष्म संवेदनशीलता को सामने लाती है, जिसके माध्यम से वे आने वाले संकट या बदलाव की आहट को पहले ही पहचान लेती हैं। वातावरण में व्याप्त हलचल को वे केवल दृश्य के रूप में नहीं, बल्कि एक संकेत के रूप में देखती हैं, जो संभावित परिवर्तन की ओर इशारा करता है।
आँधी की आहट है या बारिश होगी,
छत पर जाने क्यों चिड़ियों की हलचल है।
वरिष्ठ ग़ज़लकार ओम प्रकाश यती की रचनाओं में ग्रामीण जीवन की सजीवता, किसानों का संघर्ष और गाँव की संवेदना प्रमुख रूप से दिखाई देती है, लेकिन वे यहीं तक सीमित नहीं रहते; राजनीतिक असमानताओं और आम आदमी की पीड़ा पर भी उतनी ही तीक्ष्णता से लिखते हैं। उनकी दृष्टि व्यवस्था की उस प्रवृत्ति को उजागर करती है, जहाँ जनता की तकलीफें केवल अवसरवादी सहानुभूति का माध्यम बनकर रह जाती हैं। यहाँ वे यह स्पष्ट करते हैं कि सत्ता का जुड़ाव जनजीवन से स्थायी नहीं, बल्कि स्वार्थपरक और क्षणिक है, जो ज़रूरत के समय ही दिखाई देता है और उसके बाद गायब हो जाता है। यह अभिव्यक्ति उनके तल्ख़ तेवर और जनपक्षधर चेतना को प्रभावी रूप से सामने लाती है। शेर है-
अभागे गाँव को ढाढ़स बँधाने कौन आएगा,
इलेक्शन बाद फिर चेहरा दिखाने कौन आएगा।
हिन्दी-उर्दू दोनों भाषिक परंपराओं में समान अधिकार रखने वाले ग़ज़लकार प्रेमकिरण अपनी रचनाओं में जनसरोकार और आम आदमी की पीड़ा को प्रमुखता से स्थान देते हैं। उनकी अभिव्यक्ति में यह विश्वास स्पष्ट झलकता है कि सच्ची रचना अपने आप में इतनी सशक्त होती है कि उसे अलग से व्याख्या या समर्थन की आवश्यकता नहीं पड़ती। यहाँ वे यही स्थापित करते हैं कि जब शब्दों में सचाई और अनुभव की गहराई होती है, तो वे स्वयं ही प्रभाव पैदा करते हैं और पाठक तक अपना संदेश स्वतः पहुँचा देते हैं। शेर देखें-
मुझे बोलने की ज़रूरत नहीं,
मेरा शेर ही बोलता है जनाब।
समकालीन हिन्दी ग़ज़ल के महत्वपूर्ण रचनाकारों में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने वाले धर्मेन्द्र गुप्त ‘साहिल’ अपनी ग़ज़लों में भीतर की चेतना और जागृति को विशेष महत्व देते हैं। वे यह संकेत करते हैं कि हर व्यक्ति के अंदर संघर्ष करने और बदलाव लाने की क्षमता मौजूद होती है, बस उसे पहचानने और सक्रिय करने की जरूरत है। उनकी अभिव्यक्ति व्यक्ति को निष्क्रियता से बाहर निकालकर आत्मविश्वास और सक्रिय प्रतिरोध की दिशा में प्रेरित करती है। शेर अवलोकनार्थ है-
आग तो तेरे अंदर भी है,
बस थोड़ी-सी, आँच बढ़ा ले।
कम समय में ही हिन्दी ग़ज़ल और ग़ज़ल-आलोचना में अपनी सशक्त पहचान बनाने वाले के. पी. अनमोल एक प्रयोगधर्मी रचनाकार के रूप में जाने जाते हैं। वे पूरी गंभीरता के साथ लेखन और विश्लेषण करते हुए शिल्प, बिंब और प्रतीकों के स्तर पर निरंतर नए प्रयोग करते हैं, जिससे उनकी ग़ज़लें परंपरागत ढाँचे से अलग एक नई दृष्टि प्रस्तुत करती हैं। यहाँ उनकी अभिव्यक्ति उस संभावना की ओर संकेत करती है, जहाँ वंचित वर्ग अपनी स्थिति को समझते हुए अधिकार के प्रति जागरूक होता है और उसे पाने के लिए सीधे खड़ा होता है। वे यह स्पष्ट करते हैं कि जब यह चेतना सक्रिय हो जाती है, तभी वास्तविक सामाजिक परिवर्तन की शुरुआत संभव होती है। शेर है-
ग़रीब माँगे कभी हक़ से अपना हक़ ‘अनमोल’,
अगर ये हो गया तो बात बन गयी समझो।
हिन्दी नवगीत, दोहा और ग़ज़ल के क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने वाले युवा रचनाकार राहुल शिवाय अपने तीखे तेवर और जनपक्षधर अभिव्यक्ति के कारण पाठकों के साथ-साथ आलोचकों के बीच भी लगातार चर्चा में रहते हैं। उनकी रचनाओं में अन्याय के विरुद्ध गहरी आस्था और न्याय की अनिवार्यता पर दृढ़ विश्वास दिखाई देता है। यहाँ वे यह संकेत करते हैं कि अत्याचार चाहे जितना भी प्रबल क्यों न हो, उसका अंत निश्चित है; समय के साथ परिस्थितियाँ बदलती हैं और जो आज पराजित दिख रहा है, वही कल विजय की स्थिति में खड़ा हो सकता है। यह अभिव्यक्ति संघर्षशील विश्वास और भविष्य की उम्मीद को मजबूती से स्थापित करती है।
एक दिन होगा तुम्हारे जुल्म का भी फ़ैसला,
जीत यह बदलेगी जिस दिन हार के आकार में।
युवा ग़ज़लकार अभिषेक कुमार सिंह अपनी मौलिक दृष्टि और नए तेवर के कारण हिन्दी ग़ज़ल में एक अलग पहचान रखते हैं। उनकी ग़ज़लें परंपरागत ढाँचे से हटकर समकालीन सामाजिक यथार्थ को तीखे और सटीक ढंग से प्रस्तुत करती हैं, जिससे हर पीढ़ी के पाठक उनसे जुड़ाव महसूस करते हैं। यहाँ वे उस विडंबना को उजागर करते हैं जहाँ सुविधा-संपन्न और वास्तविकता से दूर लोग भी वंचित वर्ग की समस्याओं पर केवल औपचारिक और सतही चर्चा करते हैं, जबकि उनकी संवेदना वास्तविक अनुभव से जुड़ी नहीं होती। यह अभिव्यक्ति सामाजिक असमानता और दिखावे की मानसिकता पर गहरा प्रश्न उठाती है। शेर ध्यातव्य है-
लोग जो उतरे अभी हैं चमचमाती कार से,
भूख पर चर्चा करेंगे बैठकर विस्तार से।
जनवादी-चेतना के प्रमुख ग़ज़लकार नज़्म सुभाष अपनी ग़ज़लों में समाज के वास्तविक यथार्थ को बिना किसी आवरण के सामने रखते हैं। उनकी ग़ज़लें आम आदमी की आवाज़ बनकर शोषित और पीड़ित वर्ग को साहस और जागरूकता प्रदान करती हैं। वे किसी प्रकार की चापलूसी, बनावटी सौंदर्य या काल्पनिक भावुकता से दूर रहकर सीधे समाज की सच्चाइयों से संवाद करते हैं और स्वयं को भी व्यक्तिगत दायरे से ऊपर उठाकर सामाजिक सरोकारों के साथ जोड़ते हैं। यहाँ वे उस निष्क्रियता और सामाजिक गिरावट पर प्रहार करते हैं, जहाँ लोग समस्याओं को केवल औपचारिकता के रूप में देखते हैं, जबकि भीतर से सामाजिक संवेदनशीलता लगातार कमजोर होती जा रही है। यह अभिव्यक्ति समाज में बढ़ती उदासीनता और नैतिक गिरावट पर एक तीखा प्रश्न खड़ा करती है।
हर दीवार पर चस्पा हुए हैं इस इश्तिहार,
मुल्क में क्या इन दिनों नामर्दियाँ बढ़ने लगी।
जनवादी दृष्टि से रचनाशील डॉ. पंकज कर्ण अपनी ग़ज़लों में आम आदमी की पीड़ा और व्यवस्था की उदासीनता को गहराई से उभारते हैं। वे उस वर्ग की आवाज़ बनकर सामने आते हैं जो सत्ता की नीतियों और संवेदनहीन रवैये के बीच लगातार संघर्ष कर रहा है। यहाँ वे यह संकेत करते हैं कि जब सत्ता का ध्यान जनता की वास्तविक कठिनाइयों की ओर नहीं जाता, तब जीवन यातना और उपेक्षा के बीच घिर जाता है। यह अभिव्यक्ति व्यवस्था से सीधा संवाद करती है और उसकी निष्क्रियता पर एक तीखा प्रश्न खड़ा करती है।
गर मिले फ़ुर्सत तो सत्ता के सिपाही,
देखना हम यातना में जी रहे हैं।
इसी मिज़ाज के ग़ज़लकार ए. एफ. नज़र सत्ता की संरचना और उसके वास्तविक चरित्र को गहराई से समझते हैं। वे व्यवस्था के भीतर छिपी निरंकुशता और स्वार्थ को पहचानते हुए यह स्पष्ट करते हैं कि बाहरी परिवर्तन केवल दिखावा होता है, जबकि वास्तविक चरित्र वही रहता है। उनकी अभिव्यक्ति में एक प्रकार की यथार्थवादी निराशा भी झलकती है, जो यह संकेत देती है कि सत्ता के स्वरूप में बदलाव के दावे अक्सर सतही होते हैं और मूल ढाँचा जस का तस बना रहता है। यह दृष्टि राजनीतिक ढोंग और परिवर्तन के भ्रम पर एक तीखा प्रहार करती है। यह उल्लेखनीय शेर देखा जा सकता है-
जानता हूँ निज़ाम बदलेगा,
सिर्फ़ कुर्सी पे नाम बदलेगा।
संजीव प्रभाकर एक संवेदनशील ग़ज़लकार हैं, जो पूरी संजीदगी के साथ अपनी ग़ज़लों में नैतिकता और मानवीय व्यवहार के प्रश्नों को उठाते हैं। वे महत्वपूर्ण समकालीन ग़ज़लकारों में इसलिए भी गिने जाते हैं क्योंकि उनकी दृष्टि सीधे आम आदमी के जीवन और उसके यथार्थ से जुड़ी रहती है। उनकी अभिव्यक्ति पाठक को आत्ममंथन के लिए प्रेरित करती है और उसे अपने व्यवहार और मूल्यों पर सोचने को मजबूर करती है। यहाँ वे यह सवाल उठाते हैं कि यदि किसी के साथ अन्याय होता है, तो क्या वही व्यवहार आगे चलकर दोहराया जाना चाहिए ; यानी नैतिकता की परीक्षा हर व्यक्ति के अपने कर्मों से जुड़ी होती है और उसका उत्तर समाज की दिशा तय करता है। शेर ध्यातव्य है-
कोई हरकत बुरी करता तुम्हारे साथ ऐसी ही,
करोगे क्या किसी के साथ, अपनी राय बतलाओ।
युवा रचनाकार गरिमा सक्सेना अपनी बहुआयामी साहित्यिक सक्रियता के लिए जानी जाती हैं, जहाँ वे नवगीत, दोहा, कविता के साथ-साथ ग़ज़ल-लेखन और ग़ज़ल आलोचना में भी समान रूप से ईमानदारी और गंभीरता के साथ कार्य करती हैं। उनकी दृष्टि में साहित्य केवल अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और परिवर्तन का माध्यम है। यहाँ उनकी सोच यह संकेत देती है कि जब भी अन्याय और अत्याचार अपनी सीमा पार करते हैं, तो अंततः उसके विरुद्ध जनमानस का साहस और जागरूकता एक निर्णायक शक्ति बनकर उभरती है, जो व्यवस्था की असमानताओं को चुनौती देती है और बदलाव की दिशा तय करती है। शेर गौरतलब है-
होंगी ही ख़ाक जुल्म की सारी इमारातें,
जब भी उठेंगे हौसले अंगार की तरह।
सुपरिचित युवा ग़ज़ल-आलोचक डॉ. ज़ियाउर रहमान जाफ़री अपनी गहरी संवेदनशील दृष्टि से समय की बदलती कठोरताओं को रेखांकित करते हैं। उनकी समझ में आज का सामाजिक और मानवीय परिवेश इतना जटिल और संवेदनहीन हो चुका है कि उसका प्रभाव साहित्यिक अभिव्यक्ति पर भी स्पष्ट दिखाई देता है। यहाँ वे यह संकेत देते हैं कि परिस्थितियों की कठोरता और जीवन की बेचैनी अब रचनात्मक भाषा में भी उतर आई है, जिससे अभिव्यक्ति का स्वर पहले की अपेक्षा अधिक तीखा और यथार्थपरक हो गया है। शेर ध्यातव्य है-
यहाँ हालात ऐसे हो गए हैं,
कि तल्खी शायरी में आ गई है।
संजीदा ग़ज़लकार रामनाथ बेख़बर अपनी संवेदनशील अभिव्यक्ति के लिए जाने जाते हैं, लेकिन जब बात आम आदमी के अधिकार और उसकी पीड़ा की आती है तो उनका स्वर पूरी तरह दृढ़ और प्रतिरोधी हो जाता है। वे बिना किसी भय या दबाव के सच को सामने रखने का साहस रखते हैं और जनपक्ष में स्पष्ट रूप से खड़े दिखाई देते हैं। यहाँ उनकी अभिव्यक्ति यह संकेत देती है कि सच्चाई को कहने का मार्ग कठिन और जोखिम भरा हो सकता है, लेकिन रचनाकार का दायित्व है कि वह किसी भी परिस्थिति में अपने कथ्य से पीछे न हटे और अन्याय के विरुद्ध निर्भीक स्वर बनाए रखे। शेर देखें-
सीना छलनी कर दे या कोई काटे सिर,
हम शायर हैं सच को सच ही कहने वाले।
संवेदनशील ग़ज़लकार माधुरी स्वर्णकार अपनी ग़ज़लों में प्रकृति के प्रतीकों के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन की सूक्ष्म लेकिन शक्तिशाली आहट को व्यक्त करती हैं। उनकी अभिव्यक्ति यह संकेत देती है कि परिस्थितियाँ केवल सामान्य बदलाव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि भीतर ही भीतर एक तीव्र ऊर्जा और निर्णायक परिवर्तन की तैयारी चल रही है। यहाँ वे यह स्पष्ट करती हैं कि जब समय करवट लेता है, तो उसके संकेत शांत नहीं होते, बल्कि उसमें एक तीव्रता और चेतावनी छिपी होती है, जो आने वाले बदलाव की गंभीरता को दर्शाती है। इस बाबत उनका यह बेहद खूबसूरत शेर देखा जा सकता है-
नहीं आये हैं बादल सिर्फ़ पानी-पानी होने को,
गरज के साथ देखो बिजलियाँ कुछ और कहती हैं।
युवा ग़ज़लकार विकास अपनी रचनाओं में समाज की विविध विसंगतियों और यथार्थ की जटिलताओं पर गहरी दृष्टि रखते हैं। उनकी ग़ज़लों में एक ओर आम आदमी की पीड़ा और संवेदना झलकती है, तो दूसरी ओर वे समय की अंधेरी सच्चाइयों को भी ईमानदारी से सामने लाते हैं। उनकी अभिव्यक्ति यह संकेत देती है कि छोटे-छोटे प्रयास और कमजोर दिखने वाली रोशनियाँ भी कठिन परिस्थितियों में आशा और प्रतिरोध की भूमिका निभा सकती हैं, और अंधकार के बीच भी बदलाव की संभावना को जीवित रखा जा सकता है। शेर है-
जुगनुओं का वजूद हो ज़िन्दा,
अब कहीं तीरगी ज़रूरी है।
समकालीन हिन्दी ग़ज़ल की दिशा को स्पष्ट करते हुए मैं यही महसूस करता हूँ कि भले ही अभिव्यक्ति का लहजा अलग दिखाई दे, लेकिन उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता आज भी जीवन की बुनियादी सच्चाइयाँ ही हैं। इस संदर्भ में मेरा भी यह शेर इसी संवेदना से जुड़ा हुआ देखा जा सकता है और संभव है कि विषय के अनुरूप यह बात पाठक को अधिक निकट महसूस हो।
मेरी ग़ज़लों का लहज़ा अलग क्यों न हो,
चाँद से पहले हैं रोटियाँ आज भी।
निष्कर्ष :
समकालीन हिन्दी ग़ज़ल ने अपने विकासक्रम में जिस परिवर्तन को आत्मसात किया है, वह केवल विषय-वस्तु का विस्तार नहीं, बल्कि पूरी संवेदना के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया है। यह अब भावुकता और निजी अनुभवों की सीमाओं में बंधी विधा नहीं रही, बल्कि सामाजिक यथार्थ के कठोर धरातल पर खड़ी एक सशक्त अभिव्यक्ति बन चुकी है। अब इसमें भूख, असमानता, अन्याय, विस्थापन और संघर्ष की बेचैनी जैसे जीवन की ठोस सच्चाइयाँ हैं। यह ग़ज़ल अब किसी कल्पनालोक की नहीं, बल्कि उस वास्तविक दुनिया की काव्य-विधा है, जहाँ मनुष्य अपने अस्तित्व के लिए निरंतर जूझ रहा है। यही कारण है कि इसकी भाषा में तल्खी आई है, तेवर में धार आई है और अभिव्यक्ति में एक अद्भुत बेबाकी दिखाई देती है।
दूसरे स्तर पर देखा जाए तो समकालीन हिन्दी ग़ज़ल ने सत्ता और व्यवस्था के प्रति एक निर्भीक और असहमति से भरा रुख अपनाया है। यह केवल आलोचना तक सीमित नहीं रहती, बल्कि सवाल खड़े करती है, जवाब मांगती है और जनमानस को जागरूक करने का कार्य करती है। आज का ग़ज़लकार सत्ता के सामने खड़ा होकर उससे संवाद करता है; कभी प्रत्यक्ष विरोध में, तो कभी तीखे व्यंग्य के माध्यम से। वह राजनीतिक पाखंड, चुनावी अवसरवाद, आर्थिक असमानता और सामाजिक अन्याय को बेनकाब करता है। इस दृष्टि से हिन्दी ग़ज़ल अब साहित्यिक विधा मात्र नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक चेतना का सशक्त उपकरण भी बन चुकी है, जो जन की आवाज़ को स्वर देती है और उसे दिशा भी प्रदान करती है।
एक और बढ़ते आयाम में समकालीन हिन्दी ग़ज़ल का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष उसका जनपक्षधर स्वर है। यह अब अभिजात वर्ग की भावनाओं की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि आम आदमी के दुख-दर्द की संवाहक बन गई है। किसान, मजदूर, स्त्री, वंचित और हाशिए पर खड़े तमाम लोग अब ग़ज़ल के केंद्र में हैं। उनकी पीड़ा, उनका संघर्ष, उनकी आकांक्षाएँ सब इस विधा में पूरी गंभीरता के साथ अभिव्यक्त हो रहे हैं। विशेष रूप से स्त्री-विमर्श और सामाजिक न्याय के प्रश्नों को जिस तीव्रता से समकालीन हिन्दी ग़ज़ल ने उठाया है, वह इसे और अधिक प्रासंगिक बनाता है। मौजूदा समय की ग़ज़ल अब केवल सौंदर्य का बखान नहीं करती, बल्कि असमानताओं को तोड़ने और समानता स्थापित करने का स्वप्न भी देखती है।
समकालीन हिन्दी ग़ज़ल के सन्दर्भ में अब साफ़ हो चुका है कि इस विधा ने अपने भीतर एक गहरी परिवर्तनकारी चेतना विकसित की है। यह केवल समस्याओं का चित्रण नहीं करती, बल्कि समाधान की दिशा भी सुझाती है। इसमें प्रतिरोध है, पर वह नकारात्मक नहीं है; वह रचनात्मक है, जो समाज को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। हिन्दी ग़ज़ल निराशा में भी आशा खोजती है, पराजय में भी संघर्ष की संभावना तलाशती है और अंधकार में भी प्रकाश की दिशा दिखाती है। यही कारण है कि इसमें क्रांति का स्वर भी है और संवेदना की ऊष्मा भी। यह विरोध करती है, लेकिन साथ ही परिवर्तन की राह भी तैयार करती है।
अंततः यह कहा जा सकता है कि समकालीन हिन्दी ग़ज़ल ने अपनी एक नई और सशक्त परिभाषा गढ़ ली है। एक ऐसी परिभाषा, जो जीवन से जुड़ी है, समाज से जुड़ी है और मनुष्य की गरिमा से जुड़ी है। यह अब प्रेमी-प्रेमिका के संवाद तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के व्यापक संवाद की विधा बन चुकी है। दुष्यंत कुमार और अदम गोंडवी ने जिस स्वप्न को देखा था, आज के ग़ज़लकार उसे न केवल जीवित रखे हुए हैं, बल्कि उसे और अधिक व्यापक, अधिक तीक्ष्ण और अधिक प्रभावशाली बना रहे हैं। यह ग़ज़ल अब एक साहित्यिक आंदोलन है। एक ऐसी आवाज़, जो अन्याय के खिलाफ उठती है, जो सच को सच कहने का साहस रखती है और जो समाज को बदलने की ताकत अपने भीतर समेटे हुए है। यही इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है और यही इसकी सबसे बड़ी प्रासंगिकता है।
…………………………………………………………………………………………………..
परिचय :: डॉ.अविनाश भारती ग़ज़लकार और ग़ज़ल आलोचक हैं़ इनके कई संग्रह भी प्रकाशित हो चुके हैं.
संपर्क : avinash9889@gmail.com
