लक्ष्मीकांत मुकुल की नेपाल यात्रा पर पांच कविताएं

1

मुक्तिनाथ की राह पर

(महाहिमालय के मुस्तांग की यात्रा में)

मुक्तिनाथ की ओर जाती बस में बैठा

देखता हूँ कि पहाड़ अपने ही कंधों पर सदियों का

नमक ढोते हुए अब भी चुप हैं, जैसे किसी बूढ़े चरवाहे ने

छिपा रखा हो अपने भीतर पूरे तिब्बत का आकाश

 

पोखरा की आख़िरी हरियाली पीछे छूटते ही

पृथ्वी ने अपना चेहरा बदल लिया और धूल ने

आकाश से वैसा ही रिश्ता बना लिया

जैसा गाँव की औरतें के चूल्हे के धुएँ बनाते हैं हवाओं से

 

बगल बैठी तुम्हारी आँखों में अन्नपूर्णा की बर्फ

उतर रही थी, मानो गेहूँ पछोरती स्त्री के आँचल पर

अचानक किसी देवदार की छाया गिर पड़ी हो।

 

सर्पीले मोड़ों पर काँपती बस किसी थके हुए

बैल की तरह हाँफती रही और नीचे काली गंडकी

अपनी पुरखिन दादी की तरह लगातार लोककथाएँ बुदबुदाती रही

 

हर झरना पहाड़ की फटी एड़ी से रिसता हुआ

वह पानी था जिसे बादलों ने बरसों पहले

अपनी हथेली पर बचाकर रखा होगा

 

वृक्षों के समाप्त होते ही चट्टानों ने अपनी हड्डियाँ

दिखानी शुरू कर दीं और मुझे लगा कि पृथ्वी भी

कभी-कभी अपनी देह से सारे वस्त्र उतार हो जाती है अनावृत

 

जोमसोम की हवा किसी पहाड़ी बाँसुरी की नहीं,

बल्कि उन अनाथ बच्चों की साँस जैसी थी जो

बिना शिकायत के ठंड से सीख लेते हैं दोस्ती

 

जाँच चौकी के आगे पहुँचते ही समय ने

अपनी घड़ी उतारकर पत्थरों पर रख दी और

इतिहास ऊनी चोगा पहनकर बनता रहा हमराह

 

पहाड़ की दीवारों में बनी गुफाएँ दरअसल

उन माताओं की आँखें- सी दिखती हैं जिन्होंने

अपने बेटों को कारवाँ के साथ नमक की राह पर विदा किया था

 

प्रार्थना-पताकाएँ हवा में लहरा रही थीं,

जैसे हवा के झोंके से डुलती हैं गेहूं की बालियां

खेतिहर सपनों की तरह टँगी उम्मीद के आकाश में

 

एक बूढ़ा भिक्षु प्रार्थना चक्र घुमाते हुए मुझे वैसा लगा

जैसे गाँव बरसों बाद अकाल में फिर से घूम रही हो रहट

और धरती ही जप रही हो मंत्र हड़..हड़

 

मुक्तिनाथ की एक सौ आठ धाराओं से गिरता बर्फीला जल

किसी किसान की पहली सिंचाई जैसा था, जिसमें

विश्वास हमेशा शरीर से अधिक भीगता है

 

धूप वहाँ पहाड़ों पर नहीं पड़ती थी,

वह  मिट्टी के घरों की दीवारों पर बैठी

दादी की झुर्रियों में धीरे-धीरे पकती रहती थी

 

कहीं दूर याकों की घंटियाँ सुनाई देतीं और मुझे

अनायास आने लगतीं

अपने बैलों के गलों में बँधी पीतल की घंटियाँ

 

लो-मान्थांग की दीवारें

किसी पुराने कुम्हार के चाक की तरह अब भी घूम रही थीं,

बस उनकी गति को देखने के लिए धैर्य चाहिए था

 

रेगिस्तान के बीच बसे छोटे-छोटे गाँव

ऐसे खिले थे जैसे सावन के बाद पहली बार

किसी सूखी बाड़ी में लौकी की बेल मुस्करा उठी हो।

 

पत्थर के घरों की खिड़कियों से झाँकते बच्चे

मुझे उन गौरैयों जैसे लगे जिन्होंने अभी-अभी

उड़ना सीखा हो और जिन्हें सीमा रेखाओं का

कोई ज्ञान न हो, न पहचान

 

तुमने जब हिमालय की ओर देखा तो तेरी मुस्कान में

हमारे गाँव का पुराना आम का पेड़ हिलने लगा,

जहाँ बचपन अब भी दोपहरें बिताता है

 

बस का हर झटका भीतर जमी हुई सुविधाओं की

धूल झाड़ता रहा और मैं धीरे-धीरे अपने ही

अहंकार से उतरकर एक साधारण यात्री में बदलता गया

 

काली गंडकी के किनारे हवा ने मेरे कान में

कहा कि शालिग्राम केवल पत्थर नहीं होते,

वे बहते हुए समय की काली स्मृतियाँ भी हैं

 

मैंने महसूसा कि यहाँ पहाड़ चुप नहीं रहते,

वे रात भर बर्फ की भाषा में उन लोगों के

नाम लिखते हैं जो उन्हें प्रेम से देखते हैं

 

मुस्तांग की सूखी मिट्टी में भी जीवन वैसा ही

अंकुरित होता है जैसे  अनावृष्टि के बाद

किसी किसान की हथेली में बचा अंतिम बीज

 

वापसी की राह पर मुझे लगा कि मैं कोई पर्यटक नहीं,

अपने ही खोए हुए लोक की तलाश में निकला वह चरवाहा हूँ

जिसने वर्षों बाद अपनी बाँसुरी वापस पा ली है

 

हिमालय ने विदा देते समय मेरी जेब में

कोई स्मृति-चिह्न नहीं रखा, उसने केवल मेरे भीतर

एक लंबी खामोशी बो दी जो अब हर कविता में उगती है हौले से

 

और अब जब अपने मैदानी घर लौटकर

रोटी तोड़ता हूँ, उसकी भाप में अब भी मुस्तांग की हवा,

अन्नपूर्णा की बर्फ और मुक्तिनाथ की घंटियों की

अनसुनी प्रतिध्वनि मिलती रहती है।

2

धरती के भीतर उतरते हुए

(पोखरा की गुप्तेश्वर और महेंद्र गुफाओं की यात्रा)

हम सीढ़ियाँ नहीं उतर रहे थे,

अपने समय से नीचे उतर रहे थे

जहाँ इतिहास की पहली साँस

अब भी चूना-पत्थर की नसों में फँसी हुई थी

 

मेरे आगे चल रही थी तुम,

हाथों में कोई दीप नहीं था,

फिर भी

उसकी पीठ पर गिरती बल्बों की धुँधली रोशनी

एक प्राचीन लोककथा की तरह चमक रही थी

 

गुप्तेश्वर की गुफा में

शिव किसी मूर्ति में नहीं मिले,

वे मिले

लगातार टपकती हुई उस बूँद में

जो सदियों से

एक ही पत्थर पर अपना नाम लिख रही थी

एक गाय

अपने नीचे छिपाए हुए थी

एक मौन ब्रह्मांड,

और हम दोनों

जूते की फिसलन सँभालते हुए

विश्वास की नमी पर चल रहे थे

 

डेविस फॉल

ऊपर से जलप्रपात था,

नीचे आकर

वह पृथ्वी का फटा हुआ कंठ बन गया था,

जिससे निकलती आवाज़

हमारे भीतर की सारी हदें बहा ले गई

 

कितनी अजीब बात है—

कैमरा वहीं हार जाता है

जहाँ आँखें पहली बार

सचमुच देखना सीखती हैं

 

महेंद्र गुफा में

पत्थरों ने बताया

कि समय कभी भागता नहीं,

वह टपकता है

एक-एक बूँद

 

छत से लटकती आकृतियाँ

जमी हुई बारिश थीं,

धरती से उठते शिलाखंड

उनकी ओर बढ़े हुए हाथ

 

मैंने एक पत्थर में

हाथी देखा,

तुमने उसी में

ध्यानमग्न ऋषि,

और प्रकृति

हम दोनों की भूल पर

धीरे-धीरे मुस्कराती रही

 

हमारे सिरों के ऊपर

लाखों वर्षों का अधूरा शिल्प था,

हमारे पैरों के नीचे

अनगिनत ऋतुओं की घिसी हुई धूल,

और बीच में

हम दो मनुष्य थे—

क्षण भर के लिए उपस्थित

 

गुफाएँ हमेशा अँधेरी नहीं होतीं,

वे रोशनी को

धीरे-धीरे समझने की जगह होती हैं

 

बाहर लौटकर

जब पोखरा की सड़कें फिर से व्यस्त लगीं,

तब भी

हमारे भीतर

एक गहरा मौन बचा रहा

 

आज भी लगता है

धरती के भीतर कहीं

एक जल-बूँद गिर रही है,

एक पत्थर आकार बदल रहा है,

और शिव

अपने सबसे गुप्त रूप में

अब भी

समय का अभिषेक स्वीकार कर रहे हैं।

3

लुंबिनी : पीपल की छाँव में लौटता मन

लुंबिनी की धूल में अब भी दादी की कथा बची है,

जहाँ हवा चुपचाप बच्चों के माथे पर करुणा लिखती है।

मायादेवी के आँगन में समय एक दीपक-सा टिमटिमाता है,

और अशोक स्तंभ खेत की मेड़ पर खड़े बूढ़े बरगद-सा दिखता है।

 

पीपल की पत्तियों में कोई पुराना भिक्षु धीरे-धीरे बोलता है,

“मन की आग बुझाओ, नदी अपने आप निर्मल होगी।”

तालाब का जल जैसे गाँव की कुएँ वाली पहली बाल्टी,

जिसमें आकाश अपना चेहरा धोकर लौट जाता है।

 

प्रार्थना के रंग-बिरंगे झंडे

धान की बालियों पर बैठी चिड़ियों की तरह फड़फड़ाते हैं।

दूर किसी मठ की घंटी

बैलों की गरदन में बँधी घुँघरुओं की स्मृति जगाती है।

 

मैं बुद्ध को नहीं खोजता मूर्तियों में,

वे तो उस किसान की हथेली में मिलते हैं

जो बिना शिकायत मिट्टी उलटता रहता है।

वे उस माँ की आँखों में भी हैं

जो बच्चे को रोटी के साथ धैर्य खिलाती है।

 

लुंबिनी मुझे सिखाती है—

शांति किसी राजमहल की सीढ़ी नहीं,

खपरैल की छाँव में रखा मिट्टी का घड़ा है।

प्रेम किसी शास्त्र का कठिन श्लोक नहीं,

साँझ को लौटती गाय के गले की घंटी है।

 

मैं लौटता हूँ

तो मेरी जेब में कोई स्मारिका नहीं होती,

सिर्फ़ पीपल का एक काँपता हुआ पत्ता होता है,

जो हर हवा के साथ कहता है—

“मनुष्य बनो, यही सबसे बड़ी तीर्थयात्रा है।”

4.

लुंबिनी में एक दिन

लुंबिनी पहुँचा

तो लगा जैसे अपनी ही नानी के आँगन में चला आया हूँ,

जहाँ पीपल की छाया में

धूप भी धीरे-धीरे बोलती है।

 

माया देवी के मंदिर के बाहर

हवा ने मेरे कंधे पर हाथ रखा

और कहा—

जल्दी किस बात की है?

 

तालाब के पानी में

अपना चेहरा देखा

तो उसमें पिता की थकी हुई आँखें तैर रही थीं

और माँ की चुप्पी कमल की तरह खिल रही थी।

 

अशोक का स्तंभ

मुझे किसी बूढ़े किसान-सा लगा,

जो सदियों से मेड़ पर खड़ा

लोगों को झगड़े नहीं, रास्ते बाँटता आया है।

 

पीपल की हर पत्ती

जैसे गाँव की कोई बुज़ुर्ग औरत,

धीमे-धीमे समझाती रही—

क्रोध से बड़ी कोई गरीबी नहीं होती।

 

प्रार्थना के झंडे

धान के खेत में उड़ते बगुलों जैसे थे,

हवा उन्हें पढ़ती थी

और आकाश चुपचाप सुनता था।

 

मैंने बुद्ध को

किसी मूर्ति में नहीं देखा,

वे तो उस बच्चे की मुस्कान में मिले

जो मिट्टी से घर बना रहा था।

 

लौटते समय

मेरे पास खरीदने लायक कुछ नहीं था,

फिर भी सबसे अमीर मैं ही था—

क्योंकि मेरी मुट्ठी में

एक मुट्ठी शांति थी,

और मन में

पीपल के पत्ते की तरह काँपता हुआ प्रेम।

5.

अलक्षित हो रही है काठमांडू की काष्ठ-कला

कभी काष्ठ की नसों में बसती थी एक नगर की धड़कन

हर चौखट पर रहती थी पुरखों की उँगलियों की गरमाहट

छैनी की हर चोट से जन्म लेता था कोई देवता,

लकड़ी के चौखट, झरोखे, बालकनी,

दरवाजे होते सूक्ष्म  नक्काशीदार

और झरोखों में सदियों की धूप ठहर जाती थी

 

अब शीशे के महलों ने आकाश को गिरवी रख दिया है,

सीमेंट के जंगल में स्मृतियों के पेड़ कट रहे हैं।

जहाँ शिल्पी की हथेली समय को आकार देती थी,

वहाँ मशीनें विरासत की भाषा पर बुलडोज़र फेर रही हैं

 

एक पुराना टुंडाल आज भी मंदिर की छाती थामे है,

उसकी दरारों में बरसों की बारिश रोती है

नक्काशीदार खिड़की अपनी बुझी आँखों से पूछती है—

क्या विकास का अर्थ अपने ही अतीत से बेदखल होना है?

 

काष्ठ पर उकेरी गई मकर की खुली हुई देह

अब धूल में ढँककर अपने ही समय को ढूँढ़ती है

नाग, गरुड़, कमल और देवताओं की मौन आकृतियाँ

मनुष्य की बदलती स्मृति पर लिखती हैं शोकगीत

 

शिल्पी की छैनी अब संदूक में सोई हुई है,

उसके हाथों की विरासत भटक रही हैं रोज़ी की तलाश में

जिस लकड़ी ने सदियों तक नगर की आत्मा सँभाली,

आज वही लकड़ी कबाड़ की कीमत में तौली जाती है

 

काठमांडू! अपनी ऊँचाइयों पर मत इतराना

इन बूढ़ी चौखटों में ही शेष है तुम्हारी जड़ों की स्मृति

जिस दिन आख़िरी काष्ठ-आकृति धूल में खो जाएगी,

उस दिन तुम्हारे पास शहर तो होगा—पर उसकी आत्मा नहीं, बस संग्रहालयों में बची तस्वीरें ही बोलेंगी

और किसी धूल भरी चौखट पर इतिहास लिखेगा—

“यहाँ कभी मनुष्य अपने अतीत और सपनों को बचाता था।”

……………………………………………………………………………………………………………………..

परिचय : लक्ष्मीकांत मुकुल की कवितायें एवं आलेख विभिन्न पत्र–पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रहती है। इनकी दो कविता पुस्तक प्रकाशित हो चुकी है।

संपर्क :-ग्राम – मैरा, पोस्ट – सैसड, भाया – धनसोई, बक्सर, (बिहार) – 802117

ईमेल – kvimukul12111@gmail.com

मोबाइल नंबर – 6202077236