हिंदी ग़ज़ल के इतिहास की पहली पुस्तक – हिंदी ग़ज़ल का इतिहास
- सूफिया नुसरत
हिंदी ग़ज़ल का इतिहास डॉ. ज़ियाउर रहमान जाफरी की लिखी हुई नई किताब है.वह ग़ज़ल आलोचक के तौर पर प्रसिद्ध हैं,और हिंदी ग़ज़ल की कई आलोचनात्मक किताबें उनकी लगातार प्रकाशित होती रही हैं,जिसमें ग़ज़ल लेखन परंपरा और हिंदी ग़ज़ल का विकास,हिंदी ग़ज़ल महत्व और मूल्यांकन,हिंदी ग़ज़ल विचार और विस्तार आदि महत्वपूर्ण है.यह सच है कि हिंदी ग़ज़ल आज आलोचना की क्षेत्र में भी काफी समृद्ध हुई है,लेकिन यह भी सच है कि हिंदी ग़ज़ल का इतिहास नाम से अब तक कोई पुस्तक प्रकाशित नहीं हुई,इसलिए इस पुस्तक की महत्ता बढ़ जाती है.यह पुस्तक लगभग बारह अध्यायों में विभक्त है,जिसमें कई उप-अध्याय भी हैं.असल में हिंदी ग़ज़ल का यह इतिहास महज़ हिंदी ग़ज़ल का इतिहास नहीं है.पहले अध्याय हिंदी ग़ज़ल की पूर्व पीठिका में ग़ज़ल जिस अरबी से शुरू हुई है,उसका विश्लेषण किया गया है.फिर फ़ारसी और उर्दू ग़ज़लों पर विस्तार से बातें की गई है.उर्दू ग़ज़ल का काल विभाजन करते हुए मीर, ग़ालिब, सौदा,दर्द,मोमिन, फ़िराक़,फैज़, साहिर सब की शायरी का परिचयात्मक अध्ययन प्रस्तुत किया गया है. फिर हिंदी ग़ज़ल की इतिहास यात्रा करते हुए ग़ज़ल की रिवायत,संरचना,छंद- विधान, ग़ज़ल का अन्य काव्य विधाओं से अंतर और समकालीन ग़ज़ल आलोचकों द्वारा दी गई ग़ज़ल की परिभाषा दी गई है.हम जानते हैं कि अभी तक हिंदी ग़ज़ल की कोई मान्य और स्वीकृत परिभाषा नहीं दी जा सकी, लेकिन यहां ज्ञानप्रकाश विवेक,जहीर कुरैशी, वशिष्ठ अनूप,कमलेश भट्ट कमल, हरेराम समीप, डॉ. भावना, अनिरुद्ध सिन्हा आदि आलोचकों द्वारा ग़ज़ल की परिभाषा से हिंदी ग़ज़ल को समझने की कोशिश की गई है,जैसे उर्मलेश की परिभाषा है कि हिंदी ग़ज़ल से हमारा सीधा अभिप्राय हिंदी कवियों द्वारा कही और लिखी जाने वाली ग़ज़लों से है.
ग़ज़ल को ग़ज़ल ही कहा जाए,अथवा हिंदी ग़ज़ल यह एक बहस का मुद्दा रहा है. द्वितीय अध्याय हिंदी ग़ज़ल का नामकरण में इसका विस्तार से अध्ययन किया गया है,और इस समय की लगभग बीस आलोचकों और शायरों के इस संबंध में अपने विचार दिए गए हैं.जैसे ज्ञान प्रकाश विवेक का मानना है- मेरे विचार से गज़ल को ग़ज़ल ही रहने दिया जाता तो ज्यादा उचित था,लेकिन देवेंद्र शर्मा इंद्र का यहाँ मानना है कि सांस्कृतिक समन्वय के उद्देश्य ग़ज़ल को हिंदी ग़ज़ल कहना अस्वाभाविक और अमनोवैज्ञानिक भी नहीं होगा. हिंदी ग़ज़ल का काल विभाजन इस पुस्तक का एक महत्वपूर्ण अंश है,जिसमें हिंदी ग़ज़ल की पूरी परंपरा को पूर्व भारतेंदु युग,भारतेंदु युग,द्विवेदी युग, छायावाद युग, प्रगतिवाद युग,प्रयोगवादी युग दुष्यंत एवं दुष्यंतोत्तर युग तथा समकालीन हिंदी ग़ज़ल में वर्गीकृत किया गया है.पूर्व भारतेंदु युग में अमीर ख़ुसरो और कबीर की ग़ज़लों का विस्तार से अध्ययन किया गया है.वहीं भारतेंदु युग में भारतेंदु के अतिरिक्त प्रताप नारायण मिश्र, प्रेमघन, गोपाललाल गुल, तो द्विवेदी युग में लाला भगवानदीन, श्रीधर पाठक, हरिऔध, रामनरेश त्रिपाठी तथा राधेश्याम कथावाचक आदि की ग़ज़लों के बारे में बताया गया है.छायावाद युग में प्रसाद और निराला की ग़ज़लें हैं, तो प्रतिवादी ग़ज़लों में जानकीवल्लभ शास्त्री, शमशेर, त्रिलोचन की ग़ज़ल आलोचना से गुज़रा गया है. दुष्यंत की ग़ज़लों पर दुष्यंत युग में विचार हुआ है.लेखक का मानना है कि दुष्यंत एवं दुष्यंतोत्तर युग का पूरा ग़ज़ल साहित्य एक प्रकार से दुष्यंत से प्रभावित है.दुष्यंत के पूर्व भी ग़ज़लें लिखी जाती रहीं,लेकिन दुष्यंत के आगमन ने ग़ज़ल को हिंदी कविता में एक विधा के रूप में स्थापित कर दिया.दुष्यंत अपने समय की खोकली रिवायत एवं सत्ता के मुखौटे को हटाकर शायरी करते हैं.वह एक ऐसे शायर हैं,जिसमें हर एक जनता की गूँज उसकी तकलीफ़, बगावत, आवाज़ और जरूरत सुनाई पड़ती है.
हिंदी ग़ज़ल के इतिहास का एक अन्य अध्याय हिंदी के प्रतिनिधि ग़ज़लगो में अदम गोंडवी से लेकर अनिरुद्ध सिंहा ओमप्रकाश यति,कमलेश भट्ट कमल,डॉ. भावना,राजेश रेड्डी, विज्ञान व्रत,विनय मिश्र, माधव कौशिक आदी के ग़ज़ल साहित्य पर आलोचनात्मक विश्लेषण है. युवा ग़ज़लकारों में के पी अनमोल,राहुल शिवाय,संजीव प्रभाकर, रामनाथ बेखबतर,अविनाश भारती का ग़ज़ल साहित्य भी शामिल है. हिंदी ग़ज़ल के शिल्प विधान अध्याय में ग़ज़ल की बारीकी और संरचना को समझा गया है. लेखक के अनुसार ग़ज़ल का अपना एक बुनियादी ढांचा है.उसका व्याकरण बहर और छंदशास्त्र है, जिसका पालन करना ग़ज़ल की पहली शर्त है. हम जानते हैं कि इन दिनों हिंदी ग़ज़ल में तीन तरह की भाषाओं का प्रयोग हो रहा है. एक उर्दू शैली की ग़ज़ल दूसरी संस्कृतनिष्ठ हिंदी की ग़ज़ल और तीसरी हिंदुस्तानी ग़ज़ल. हिंदी ग़ज़ल की भाषा एवं शैली अध्याय में इसकी पड़ताल की गई है.इन सब के बावजूद लेखक का निष्कर्ष यह है कि हिंदी ग़ज़ल हिंदुस्तानी भाषा की हिमायत करती है. आज ग़ज़लें सिर्फ हिंदी में ही नहीं लिखी जा रही, बल्कि अनेक लोक- भाषाओं और अप भाषाओं में भी कही जा रही है. अध्याय- हिंदी ग़ज़ल के समानांतर अन्य भाषाओं की ग़ज़लों का विकास में -भोजपुरी, मैथिली और मगही ग़ज़ल की परंपरा को दिखाया गया है.पहली बार किसी पुस्तक में ग़ज़ल पर हो रहे आलोचना एवं शोध पर चर्चा की गई है,तो हिंदी के प्रवासी ग़ज़लकारों पर भी रोशनी डाली गई है. लेखक डॉ. जियाउर रहमान जाफरी के अनुसार हिंदी के प्रवासी ग़ज़लकारों का अध्ययन करते हुए पता चलता है कि इस समय पचास से अधिक ऐसे ग़ज़लकार हैं, जो बाकायदा विभिन्न देशों में रह कर हिन्दी ग़ज़लें कह रहे हैं.उनकी ग़ज़लों में भी वही कथ्य, शिल्प,और तगज़्ज़ल है जो हिंदुस्तानी गजलों में है.
कुल मिलाकर हिंदी ग़ज़ल का इतिहास पुस्तक एक साथ छात्रों,लेखकों और आलोचकों सबके लिए समान रूप से महत्व रखता है.एक पाठक के लिए भी इसमें इतने शेर हैं,कि इतिहास का अध्ययन किए बिना भी उन्हें यह सुनना -पढ़ना अच्छा लगेगा.
………………………………………………………………………………………………………….
पुस्तक -हिन्दी ग़ज़ल का इतिहास
लेखक -डॉ. ज़ियाउर रहमान जाफ़री
प्रकाशक – श्वेतवर्णा प्रकाशन नोएडा, वर्ष -2026,मूल्य -499,पृष्ठ -220
—————–
समीक्षक – साफिया नुसरत
द्वारा इफ्तेखार काबरी (पेशकार )
शरीफ कॉलोनी, पार नवादा जिला- नवादा, बिहार