गहन भावपूर्ण कृति : घरों को ढोते लोग – रमाकांत चौधरी

गहन भावपूर्ण कृति : घरों को ढोते लोग 

-रमाकांत चौधरी

जहाँ एक ओर सब कुछ मोबाइल पर सर्च करने की आदत ने पुस्तकों की ओर से लोगों को उदासीन कर दिया है, वहीं जब कोई अच्छा साहित्य  अनायास दिख जाए तो फिर उसे पढ़ने के लिए मन स्वतः ही तत्पर हो जाता है। ऐसी ही पुस्तक है “घरों को ढोते लोग”। इस पुस्तक के शीर्षक ने ही मुझे पढ़ने पर मजबूर कर दिया। यह पुस्तक 65 लघुकथाकारों  द्वारा लिखी गई  71 लघु कथाओं का साझा लघुकथा संग्रह है, जिसमें किसानों, मजदूरों, कामगारों व कामवाली बाई जैसे उस वर्ग की जीवन शैली पर आधारित लघुकथाएं हैं, जो किसी न किसी  तरीके से आर्थिक व सामाजिक रूप से असमानता के शिकार रहे हैं या फिर अपने जीवन को ईश्वर की नियति मानकर जी रहे हैं कि शायद उनका जन्म इसीलिए ही हुआ है। पुस्तक में यशोदा भटनागर की  लघुकथा ‘कम्मो’  एक काम वाली बाई की जीवन शैली को दर्शाती है तो अरविंद सोनकर ‘असर’ की लघुकथा ‘इन दिनों’  समाज में फैली  वैमनस्यता से रूबरू कराती है। वहीं प्रेरणा गुप्ता की लघुकथा ‘यक्ष प्रश्न’ में मजदूर का बच्चा पढ़ने–लिखने के महत्व को नहीं समझ रहा है जो कि शिक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा प्रश्न चिन्ह है। मार्टिन जान की लिखी संग्रह की शीर्षक लघुकथा ‘घरों को ढोते लोग’ व्यक्ति को यह सच सोचने-विचारने पर विवश करती है कि हर कामगार व्यक्ति किसी न किसी तरीके से घर परिवार के पालन-पोषण के लिए संघर्षरत है। इस पुस्तक के संपादक सुरेश सौरभ की लघुकथा ‘कैमरे’ मनुष्य की तरक्की के साथ इस बात की ओर इशारा करती है कि मनुष्य ने तरक्की तो बहुत कर ली मगर उसमें मनुष्यता का पतन होता जा रहा है।

मनोरमा पंत, सुकेश साहनी, बलराम अग्रवाल, योगराज प्रभाकर, पवन जैन, रश्मि लहर, डॉ.चंद्रेश कुमार छतलानी, मीरा जैन, गुलज़ार हुसैन, डॉ. मिथिलेश दीक्षित विजयानंद विजय, आलोक चोपड़ा, हर भगवान चावला, आदि सभी  लघुकथाकारों की लघुकथाएं हमें  चिंतन चेतना के गहन धरातल पर ले जातीं है और उन विषयों पर सोचने के लिये मजबूर करती है, जिन विषयों पर हम सभी साधारणतया ध्यान ही नहीं देते हैं, लेकिन संपादक सुरेश सौरभ हमें उन विषयों, उन पहलुओं से सीधे जोड़ देते हैं, जिनको हम अक्सर  अनदेखा कर देते हैं। चाहे वह  रिक्शा वाले, ठेलिया वाले, फल वाले, सब्जी वाले हो अन्य कोई कामगार हों। अर्थात वे लोग  जिनका स्थान समाज में बहुत ही निम्न स्तर का माना जाता है, उनके जीवन के प्रति जो लोग तनिक भी संवेदनशील हैं, तो यह पुस्तक वास्तव में उन्हें अवश्य पढ़नी चाहिए। अपने नाम के अनुरूप यह पुस्तक एक गहन भावपूर्ण कृति है, जो जीवन की सच्चाइयों का सामना करने के लिए सबको प्रेरित करती है। जीवन को अलग-अलग पहलुओं से देखने का मौका देती है। प्रत्येक लघुकथाकार की लघुकथा कहीं न कहीं पाठक को कुछ सोचने पर मजबूर करती है। इसलिए मैं उन सभी पाठकों को इस पुस्तक को पढ़ने की सिफारिश करता हूं, जो जीवन की गहराइयों को, सच्चाइयों को समझना चाहते हैं। संपादक सुरेश सौरभ इस लघुकथा के साझा संग्रह में नवीन प्रयोग धर्मी नज़र आते हैं। प्रसिद्ध कहानीकार सुधा जुगरान ने संग्रह की भूमिका लिखी है, जो बेहद मार्मिक और हार्दिक है।

……………………………………………………….

पुस्तक :  घरों को ढोते लोग

संपादक : सुरेश सौरभ

प्रकाशक :    समृद्ध पब्लिकेशन नई दिल्ली

मूल्य :  245 रुपये

संस्करण-2024

समीक्षक-रमाकान्त  चौधरी

गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर–खीरी, उत्तर प्रदेश।

पिन कोड – 262802

मो-94158 81883

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *